देश के हाई प्रोफाइल सुनंदा पुष्कर मामले की सुनवाई दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत में चल रही है। आज सुनवाई के दौरान अदालत में सुनंदा के भाई आशीष दास ने बयान दिया कि वह (सुनंदा) शादीशुदा जिंदगी से खुश थीं लेकिन अपने आखिरी दिनों में वह बहुत परेशान हुईं, लेकिन वह कभी भी आत्महत्या करने के बारे में नहीं सोच सकती थीं।
वहीं इस मामले में दिल्ली पुलिस ने अदालत से शशि थरूर के खिलाफ धारा 498ए और 306 के तहत आरोप तय करने का आग्रह किया है। दूसरी ओर शशि थरूर के वकील ने कहा है कि वह अगली तारीख पर बहस करेंगे, साथ ही हर बिंदु पर पलटवार भी करेंगे। उन्होंने कहा कि आज अभियोजक ने अदालत में जो भी तर्क दिए वह एसआईटी द्वारा एकत्र किए गए सबूतों के बिल्कुल विपरीत है।
गौरतलब है कि सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में कांग्रेस नेता शशि थरूर आरोपी है। बता दें कि बिजनेस में अलग पहचान बना चुकीं सुनंदा पुष्कर का नाम चर्चा में तब आया जब 2010 में उनकी शादी कांग्रेस नेता शशि थरूर से हुई।
शादी के कुछ दिन बाद ही 17 जनवरी, 2014 को सुनंदा का शव दिल्ली के लीला पैलेस होटल में मिला। सुनंदा की मौत की सूचना पुलिस को शशि थरूर ने ही दी थी। शरूर ने बताया था कि सुनंदा सो रही थीं, काफी देर तक जगाने पर भी दब वह नहीं उठीं तो शक हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया।