कांग्रेस नेता शशि थरूर की पत्नी
सुनंदा पुष्कर की ‘रहस्यमय’ मौत के मामले में
सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी की याचिका पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस याचिका में कोर्ट की निगरानी में घटना की एसआईटी से जांच कराने की मांग की गई है।
जस्टिस अरुण मिश्रा एवं एएम खानविल्कर की पीठ ने कहा कि इस मामले में सुब्रह्मण्यम स्वामी द्वारा दाखिल याचिका की विचारणीयता प्रश्न अपनी जगह कायम है। इसके मद्देनजर इस मामले में हम दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रहे हैं। बता दें कि इस याचिका में भाजपा नेता ने दिल्ली पुलिस की जांच पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में कोर्ट की निगरानी में एक एसआईटी जांच की मांग की है।
पिछले साल 26 अक्तूबर को दिल्ली हाईकोर्ट ने स्वामी की याचिका को ‘राजनीतिक हित’ वाली बताते हुए खारिज कर दी थी। हाईकोर्ट ने कहा था कि यह ‘राजनीति से प्रेरित मुकदमा’ लग रहा है जिसे जनहित याचिका का रूप दिया गया है। इस याचिका के खारिज होने के बाद स्वामी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। गौरतलब है कि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की लाश 17 जनवरी, 2014 की रात को दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में संदिग्ध हालत में पाई गई थी।