प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रेडियो कार्यक्रम मन की बात अब एक पुस्तक के रूप में भी उपलब्ध होगा। मन की बात ए सोशल रिवोल्यूशन ऑन रेडियो और मार्चिंग विद ए बिलियन- एनालाइजिंग नरेंद्र मोदीज गवर्मेंट एट मिडटर्म पुस्तक की पहली प्रति लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन द्वारा राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भेंट की जाएगी।
इससे पहले शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में महाजन इन किताबों का विमोचन करेंगी। कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति मो. हामिद अंसारी, रक्षा और वित्त मंत्री अरुण जेटली के अलावा कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।
राजेश जैन द्वारा लिखी गई मन की बात: ए सोशल रिवोल्यूशन ऑन रेडियो हर महीने रेडियो पर मन की बात कार्यक्रम के तहत राष्ट्र के नाम प्रधानमंत्री के संदेशों का संग्रह है। राष्ट्रपति भवन से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि इस पुस्तक में मन की बात के विषयों, विषयों की पसंद, मुख्य विशेषताओं का एक व्यापक, गुणात्मक और शैक्षिक विश्लेषण शामिल है।
पुस्तक में बताया गया है कि मन की बात न्यू इंडिया खासकर युवाओं से कैसे जुड़ा हुआ है। किताब में यह भी बताया गया है कि मन की बात ने स्वच्छता, भारत की पर्यटन क्षमताओं को बढ़ावा देन, सुरक्षित सड़क, नशा मुक्त भारत इत्यादि के लिए किस प्रकार जन आंदोलनों को खड़ा किया है।
वहीं दूसरी पुस्तक मार्चिंग विद ए बिलियन- अनालाइजिंग नरेंद्र मोदीज गवर्मेंट एट मिडटर्म पत्रकार उदय माहूरकर ने लिखी है। यह पुस्तक बतौर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कई मोर्चों पर लाए गए परिवर्तनों का विश्लेषण करती है।