केंद्र सरकार ने सहारनपुर हिंसा को गंभीरता से लेते हुए यूपी सरकार से पूरी घटना की रिपोर्ट तलब की है। गृह मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश सरकार से कहा कि वह जल्द से जल्द सहारनपुर के हालात, हिंसा भड़कने के कारण और उसे रोकने के लिए उठाए गए कदमों की रिपोर्ट भेजे। वहां के हालात को देखते हुए गृह मंत्रालय ने रैपिड एक्शन फोर्स (आरपीएफ) की चार बटालियन भेजने का भी फैसला किया है।
गृह मंत्रालय में सचिव राजीव महर्षि ने आंतरिक सुरक्षा के संयुक्त सचिव समेत अन्य अधिकारियों के साथ इस विषय पर चर्चा की। मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक केंद्र इस बात को लेकर चिंतित है कि दो जातियों के बीच छिड़ी हिंसा का असर कहीं राज्य और देश के बाकी हिस्सों में भी न फैल जाए।
सहारनपुर में हिंसा रोकने में असफल रहने पर राज्य सरकार ने वहां के डीएम और एसएसपी को निलंबित कर दिया है। साथ ही डिविजनल कमिश्नर और डीआईजी का तबादला भी कर दिया गया है। अफवाह फैलने से रोकने के लिए इंटरनेट सेवा और मोबाइल मैसेजिंग सेवा पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।