रेलवे के उपनगरीय यात्रियों को अब टिकट की खिड़की पर जाकर लंबी लाइनों में नहीं लगना होगा। वे खुद एप के जरिए अपना अनारक्षित टिकट बुक कर सकेंगे। यह सुविधा बहाल कर दी गई है। वे अनरिजर्व्ड टिकटिंग सिस्टम यानी यूटीएस मोबाइल एप से टिकट बुक कर सकेंगे। इसकी शुरुआत चेन्नई से की गई है।
चेन्नई के उपनगरीय रेलवे स्टेशनों पर आवाजाही के लिए इस एप से टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। यह सुविधा शहर के तिरुवेल्लूर, रोयापुरम, गुम्मीदीपूंडी, चेन्नई बीच चेंगलपट्टू, वेलाचुरी के लिए चालू की गई।
कोरोना महामारी के दौरान में मोबाइल से टिकट बुक करने की सुविधा यात्रियों को संक्रमण से बचाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यह सिर्फ सुबह 6ः30 से 9ः30 तक और शाम को 4 से 7 बजे तक उपलब्ध नहीं होगी, बाकी रोज मुहैया कराई जाएगी।
सीजन व प्लेटफाॅर्म टिकट नहीं मिलेंगे
इस एप के जरिए सीजन टिकट व प्लेटफाॅर्म टिकट की बुकिंग अभी नहीं होगी। एप से बुकिंग के एक घंटे के अंदर यात्रा करना होगी।
ऐसे ले सकेंगे इस सुविधा का लाभ
- गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर पर जाकर यूटीएस मोबाइल एप को डाउनलोड किया जा सकेगा।
- टिकट पेमेंट के लिए कई ई-पेमेंट विकल्प मुहैया कराए गए हैं।
- इनमें रेेल वाॅलेट यानी आर-वाॅलेट की सुविधा सबसे अहम होगी।
- आर-वाॅलेट का रिचार्ज आईआरसीटीसी की वेबसाइट से किया जा सकेगा।
- स्टेनशनों के टिकट काउंटर से भी यह वाॅलेट रिचार्ज हो सकेगा।