एबीवीपी कार्यकर्ता जादवपुर यूनिवर्सिटी के छात्र आपस में भिड़ते हुए
- फोटो : PTI
कोलकाता में एबीवीपी के प्रदेश सचिव सुबीर हलदर ने एक नए विवाद को जन्म दे दिया है। सुबीर का कहना है कि जादवपुर विश्वविद्यालय के वाम समर्थित छात्र देशद्रोही गतिविधियां कर रहे हैं। वे बोले कि अगर इन छात्रों ने कॉलेज परिसर से बाहर कदम रखा तो इनकी टांगें काट दी जाएंगी।
हलदर ने ये बात सोमवार को जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर के बाहर एक प्रदर्शन रैली करने के दौरान कही। उनके अनुसार जादवपुर यूनिवर्सिटी देशद्रोही तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है।
जब सुबीर हलदर से उनके इस बयान पर बात की गई तो उनका कहना था कि उनका टांग काटने से यह मतलब था कि ये छात्र भारत माता को बांटने के लिए अलगाववादियों के समर्थन में नारेबाजी करते हैं। वे बोले कि ऐसे लोगों की गतिविधियों को रोकने के खिलाफ हम कदम उठाएंगे।
एबीवीपी ने जादवपुर यूनिवर्सिटी परिसर के अंदर हो रही कथित देशद्रोही गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और गोलपार्क इलाके से होते हुए जादवपुर पुलिस थाने तक प्रदर्शन मार्च निकाला।