अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में एलएलएम में दाखिला के लिए प्रवेश परीक्षा देने आए अभ्यर्थी इगलास के गांव तेहरा मुंज निवासी सत्यवीर सिंह पुत्र स्व. वेदराम ने धर्म के आधार पर प्रवेश परीक्षा देने से रोकने का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। आरोप लगाया कि हाथ में कलावा एवं हिंदू धर्म का होने के कारण उसे परीक्षा से रोका गया है। उसने विधि विभाग के कर्मचारियों पर अभद्रता एवं अपशब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप लगाया है।
उसने मानव संसाधन विकास मंत्री से भी शिकायत की है। वहीं एएमयू प्रशासन का कहना है कि अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार पात्र ही नहीं है। परीक्षा के लिए एलएलबी/बीएएलएलबी में 55 फीसदी अंक जरूरी है जबकि उसके 51.64 फीसदी अंक है। उसकी तरह कुल 16 अपात्र अभ्यर्थियों की सूचना पूर्व में लॉ फैकल्टी की वेबसाइट पर भी दी जा चुकी है।