केरल के पलक्कड़ में प्रिंसिपल से नाराज एसएफआई से जुड़े छात्रों ने उनके रिटायरमेंट गिफ्ट के तौर पर एक कब्र ही तैयार कर डाली। ये मामला मशहूर विक्टोरिया कॉलेज का है।
कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ टीएन सरासू जो 31 मार्च को रिटायर हुई हैं कि शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं में एसएफआई के छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सरासू ने आरोप लगाया की छात्रों ने ऑल केरला गवर्मेंट कॉलेज टीचर्स यूनियन जो लेफ्ट से जुड़ा हुआ है के कहने पर ये हरकत की है।
अपनी शिकायत में सरासू ने करीब आठ एसएफआई छात्रों के नाम दिए हैं जिन्होंने कॉलेज कैंपस में कब्र तैयार की थी और उसपर फूल तक चढ़ा दिए थे। इस घटना की जानकारी अन्य छात्रों ने प्रिंसिपल को दी थी। प्रिंसिपल ने इस मामले पर कहा कि मैंने प्रिंसिपल रहते हुए छात्रों की अनैतिक मांग नहीं मांगी इसलिए छात्र मुझसे नाराज हैं। मैंने अपना काम निष्ठा के साथ किया। मेरे कार्यकाल में बहुत से अच्छे कार्य किए गए।
वहीं इस घटना का विरोध करते हुए बीजेपी स्टेट प्रसिडेंट कुम्मानाम राजशेखरन ने कहा कि ये मानवता के लिए अपमान है। हम समझ सकते हैं कि एसएफआई से जुड़े छात्र किस प्रकार अपना रवैया अपनाएंगे जब वह बीस सालों तक उन्हें पढ़ाने वाली अध्यापक के साथ ऐसा रवैया अपना रहे हैं।
चुनाव के दौरान कन्नूर में सीपीआई (एम) के कार्यकर्ताओं द्वारा बीजेपी कार्यकर्ताओं पर किए गए हमलों पर राजशेखरन ने कहा कि ये छात्र कॉलेज से निकलने के बाद किसी भी राजनैतिक विरोधी की हत्या तक कर सकते हैं। इस घटना के बाद सीपीआई (एम) ने कुछ भी नहीं कहा ये शर्मनाक है।