तमिलनाडु के पुडुकोट्टई में केंद्रीय औद्योगिक सशस्त्र बल (सीआईएसएफ) की फायरिंग रेंज के पास दुर्भाग्यपूर्ण घटना हो गई। यहां सीआईएसएफ के फायरिंग अभ्यास के दौरान एक कर्मचारी की रायफल से निकली गोली रेंज से कुछ दूरी पर खेल रहे एक 11 वर्षीय बच्चे के सिर पर लग गई। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तंजावुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
यह घटना तब हुई जब सीआईएसएफ के कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण सत्र चल रहा था। फायरिंग अभ्यास के दौरान एक कर्मचारी ने रायफल चलाई और गोली बच्चे को लग गई। अधिकारियों ने तुरंत बच्चे को पुडुकोट्टई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे तंजावुर के लिए रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार गोली बच्चे के सिर में फंसी है और उसकी सर्जरी होने जा रही है।
घटना के बाद पुडुकोट्टई पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। सीआईएसएफ के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुडुकोट्टई मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया है कि बच्चा बेहोश है उसे होश में लाने की कोशिश की जा रही है और उसके सिर में फंसी गोली निकालने के लिए तंजावुर में सर्जरी की तैयारी की जा रही है।