मोदी सरकार केंद्र में दो साल पूरी करने वाली है। इन दो सालों के दौरान भाजपानीत केंद्र सरकार ने कई महत्वाकांक्षी योजनाएं शुरू कीं और इनसे देश का विकास होने का दावा किया, लेकिन जनता को ऐसा नहीं लगता। हाल ही में हुए एक सर्वे में 49 फीसदी लोगों ने बताया कि इन दो सालों के भीतर उनके जीवन स्तर में कोई बदलाव नहीं आया है।
वहीं, 15 फीसदी लोगों को लगता है कि मोदी के कमान संभालने के बाद उनका जीवन स्तर और भी बद्तर हुआ है। सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज (सीएमएस) ने यह सर्वे किया। इसमें दावा किया गया है कि 43 फीसदी लोग मानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू की गई योजनाओं का गरीबों को कोई लाभ नहीं मिल रहा। वहीं, दो साल के कार्यकाल के दौरान मोदी सरकार के कामकाज को बड़ी संख्या (62 फीसदी) में लोगों ने पसंद किया।
सर्वे में शामिल 70 फीसदी लोग चाहते हैं कि मोदी फिर पीएम बनें। इस सर्वे में 15 राज्यों के शहरी और ग्रामीण इलाकों से चार हजार लोगों को शामिल किया गया। एक तिहाई लोग मानते हैं कि मोदी सरकार ने अपने वादे पूरे किए, जबकि 48 फीसदी का कहना है कि सरकार कुछ ही वादे पूरी कर पाई। सर्वे के आंकड़ों को जारी करते हुए लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष सी कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की छवि बहुत अच्छी है और बड़ी संख्या में लोगों ने उनका काम पसंद किया है।