विभिन्न राज्यों के मुख्य सचिवों ने रविवार को केंद्र सरकार से कहा कि कोविड-19 से सुरक्षा जरूरी है लेकिन चरणबद्ध तरीके से आर्थिक गतिविधियों में तेजी लाने की भी आवश्यकता है। केंद्रीय कैबिनेट सचिव राजीव गाबा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और प्रमुख स्वास्थ्य सचिवों के साथ बैठक की।
इस दौरान राज्यों के प्रतिनिधियों ने लॉकडाउन के दौरान हालात की जानकारी दी। गाबा ने कहा कि रेलवे द्वारा चलाई गई 350 से अधिक श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के जरिए 3.5 लाख प्रवासी मजदूरों को उनके संबंधित राज्य पहुंचाया गया। उन्होंने राज्य सरकारों से ऐसी स्पेशल ट्रेनों के संचालन के लिए रेलवे के साथ सहयोग का अनुरोध किया।
साथ ही उन्होंने विदेशों से लौट रहे भारतीयों के मामले भी सहयोग की अपील की। साथ ही उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल की बेरोकटोक आवाजाही पर जोर दिया।