पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि नागरिकता विधेयक पारित होने के बाद सभी बंगाली शरणार्थियों को नागरिकता दी जाएगी। मंगलवार को मालदा में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस सरकार निशाना साधते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य में फिर से लोकतंत्र बहाल होगा।
शाह ने मैं यकीन दिलाना चाहता हूं कि सभी बंगाली शरणार्थियों को नागरिकता विधेयक के तहत भारतीय नागरिकता दी जाएगी। तृणमूल कांग्रेस सरकार ने शरणार्थियों के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन हम उन्हें नागरिकता देंगे। मैं ममता बनर्जी से पूछना चाहता हूं कि वह नागरिकता विधेयक का समर्थन करेंगी या नहीं। मुझे भरोसा है वह इसका समर्थन नहीं करेंगी। यह तृणमूल कांग्रेस सरकार केवल घुसपैठियों के लिए काम करती है और उनका समर्थन करती है। शाह ने कहा कि नागरिकता (संशोधन) विधेयक पश्चिम बंगाल में भाजपा का मुख्य चुनावी मुद्दा होगा।
कोलकाता में हुई विपक्षी दलों की रैली पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विरोधी पार्टियों ने रैली के दौरान एक बार भी ‘भारत माता की जय’ या ‘वंदे मातरम’ नहीं बोला और सिर्फ मोदी-मोदी करते रहे। शाह ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियों के महागठबंधन का मकसद सत्ता हासिल करना और निजी हित साधना है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन सिर्फ लोभ लालच के बारे में है। वे मोदी को हटाना चाहते हैं जबकि हम गरीबी एवं भ्रष्टाचार को हटाना चाहते हैं।