Karnataka: हिंदुत्व संगठनों के विरोध के बाद स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने बंगलूरू के व्हाइटफील्ड में होने वाले शो रद्द कर दिए हैं। आयोजकों ने कार्यक्रम को कोरमंगला के दूसरे वेन्यू पर शिफ्ट कर दिया है। जानिए क्या है पूरा विवाद और अब तक क्या-क्या हुआ।
स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने हिंदुत्ववादी कार्यकर्ताओं के सख्त विरोध के बाद बंगलूरू के व्हाइटफील्ड में होने वाले अपने तय शो रद्द कर दिए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के मुताबिक, कुणाल कामरा रविवार को खुद व्हाइटफील्ड थाने पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि वह अपने तय शो आगे नहीं करेंगे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, वह (कुणाल कामरा) थाने आए थे। उन्होंने बताया कि हिंदुत्ववादी कार्यकर्ताओं के विरोध के कारण उन्होंने व्हाइटफील्ड में होने वाला कार्यक्रम रद्द करने का फैसला किया गया है।
हिंदू राष्ट्र समन्वय समिति ने क्या आरोप लगाया था?
यह घटनाक्रम तब सामने आया, जब हाल ही में हिंदू राष्ट्र समन्वय समिति ने बंगलूरू पुलिस को एक शिकायत दी थी। इसमें तीन अगस्त को यूआरयू व्हाइटफील्ड में होने वाले कुणाल कामरा के स्टैंड-अप शो को रद्द करने की मांग की गई थी। समिति ने अपनी शिकायत में कानून-व्यवस्था और धार्मिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताई थी। समिति ने आरोप लगाया था कि कुणाल कामरा ने हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया है।
सोशल मीडिया पोस्ट में कामरा ने क्या कहा?
कामरा ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि सोमवार, मंगलवार, बुधवार और गुरुवार के शो कोरमंगला के एक स्थान में स्थानांतरित कर दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि व्हाइटफील्ड में होने वाले शो के लिए खरीदे गए टिकटों का रिफंड बुक माय शो प्लेटफॉर्म की ओर से किया जाएगा। उन्होंने लोगों से कोरमंगला वाले शो के लिए टिकट बुक करने की अपील की, जहां सीटों की संख्या सीमित है।