वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को पूरे देश भर में खूब पसंद किया जा रहा है। हाल में शुरू हुई श्रीनगर-कटरा वंदे भारत ट्रेन भी सुपरहिट साबित हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जून से अगस्त 2025 तक यह ट्रेन लगभग पूरी तरह से बुक है। इस ट्रेन में 100 प्रतिशत से ज्यादा ऑक्युपेंसी रही है। इसके चलते जम्मू-श्रीनगर के बीच फ्लाइट की डिमांड भी कम हो गई है।
दरअसल, श्रीनगर-कटरा के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन हाई-स्पीड है। यह ट्रेन श्रीनगर को श्री माता वैष्णो देवी कटरा से जोड़ती है। इस ट्रेन के कारण यात्रा का समय काफी कम हो जाता है। इससे 191 किलोमीटर की दूरी लगभग 3 घंटे में तय हो जाती है। वहीं, सड़क मार्ग से इसी दूरी को तय करने में 6-7 घंटे लगते हैं। यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलती है। इसमें बनिहाल स्टेशन मुख्य पड़ाव है। इस रूट पर दो जोड़ी ट्रेनें चलती हैं। सुबह की ट्रेन श्रीनगर से 8 बजे और कटरा से 8:10 बजे निकलती है। जबकि दोपहर की ट्रेनें श्रीनगर से 2 बजे और कटरा से 2:55 बजे निकलती हैं।
इस ट्रेन में एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटिव चेयर कार के विकल्प उपलब्ध हैं। इस ट्रेन के शुरु होने से फ्लाइट के टिकट पर इसका असर पड़ा है। पहले फ्लाइट का टिकट 10,000 से 15,000 रुपये तक होता था। अब एक दिन बाद का टिकट केवल 2,500 रुपये का है। जबकि इस ट्रेन में दो ट्रैवल क्लास हैं, पहली चेयरकार, जिसका किराया 715 रुपये है और दूसरी एक्जीक्यूटिव क्लास, जिसका किराया 1320 रुपये है।
स्पेशल डिजाइन की गई है वंदेभारत ट्रेन
भारतीय रेलवे के अनुसार घाटी में माइनस तापमान में चलने के लिए वंदेभारत भी खास डिजाइन की गई है, क्योंकि सर्दियों के मौसम में यहां का तापमान माइनस तक चला जाता है।ये ट्रेन हीटिंग सिस्टम से लैस है। इसमें सिलिकॉन हीटिंग पैड लगे हैं, जिससे पानी की टंकियों और बायो-टॉयलेट टैंकों को जमने नहीं देंगे। साथ ही ओवरहीट प्रोटेक्शन सेंसर सुरक्षा से लैस है। हीटर लगे हैं, सर्दियों में यात्रियों को गर्म हवा मिलती रहेगी। ट्रेन में लगा ऑटो-ड्रेनिंग मैकेनिज्म सिस्टम प्लंबिंग लाइनों में ड्रेनिंग सिस्टम लगे हैं, जिससे पानी जम नहीं पाएगा।