कर्नाटक के हिंदूवादी संगठन श्री राम सेना के प्रमुख प्रमोद मुथालिक ने रविवार को एलान किया कि नौ मई से राज्य के 1000 से अधिक मंदिरों में सुबह पांच बजे हनुमान चालीसा या ओमकारा या भक्ति गीतों को बजाने की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार यहां मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर के खिलाफ कार्रवाई करने में नाकाम रही है।
मुथालिक ने कहा कि मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और राज्य के गृह मंत्री अरगा ज्ञानेंद्र को वैसी ही हिम्मत दिखानी चाहिए, जैसी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां दिखाई है। योगी आदित्यनाथ ने वहां धार्मिक स्थलों से अनधिकृत लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई की है और अन्य को अनुमति योग्य सीमा तक आवाज सीमित रखने का निर्देश दिया है।
राज्य के मांड्या में मीडिया से बात करते हुए हिंदूवादी नेता ने कहा, 'पूरे कर्नाटक में हमने 1000 से अधिक मंदिरों से संपर्क किया है। मंदिर के पुजारियों, धर्मादर्शियों और प्रबंधन समितियों ने कल (सोमवार) से सुबह पांच बजे (हनुमान चालीसा, सुप्रभात, ओमकारा या भक्ति गीत) बजाने पर सहमति व्यक्त की है। यह एक बहुत अच्छी प्रतिक्रिया है।'
उन्होंने कहा कि लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर अदालत के आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई न करने के लिए लोगों में सरकार के प्रति गुस्सा है। इसके साथ ही कुछ मुसलमानों पर इस मुद्दे पर अड़े रहने का आरोप लगाते हुए मुथालिक ने आगे कहा कि हम कल से इसके खिलाफ अपना विरोध शुरू करेंगे।
श्री राम सेना इससे पहले भी चेतावनी दे चुकी है कि अगर सरकार ने कार्रवाई नहीं की तो हम मस्जिदों में लाउडस्पीकर पर बजने वाली सुबह की अजान का जवाब हनुमान चालीसा या सुप्रभात या ओमकारा या भक्ति गीतों को बजा कर देंगे।
समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार मुथालिक ने आरोप लगाया कि सरकार श्री राम सेना के विरोध प्रदर्शन को दबाने के लिए मंदिर समितियों को पुलिस बल का इस्तेमाल करने की धमकी दे रही है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि आपकी 'दादागिरी' का कोई असर नहीं पड़ेगा।
'हिंदू वोटों के चलते सत्ता में आई है भाजपा, इस बात का रहे ध्यान'
मुथालिक ने कहा, 'अपनी दादागिरी मुसलमानों के माइकों और लाउडस्पीकरों के खिलाफ दिखाइए, हमारे खिलाफ नहीं। इस बात को ध्यान में रखिए कि आप (भाजपा) हिंदुओं के वोटों की वजह से सत्ता में आए हैं... हम यह विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्वक करेंगे और किसी प्रकार का कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं होगा।' उन्होंने कहा कि मंदिर समितियां इस काम को श्री राम सेना के कार्यकर्ताओं के सहयोग के साथ शुरू करेंगी।
इस दौरान उन्होंने धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकरों के इस्तेमाल के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार की कार्रवाई का कई बार जिक्र किया। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से राज्यव्यापी अभियान के तहत धार्मिक स्थलों से लगभग 54,000 अनधिकृत लाउडस्पीकर हटवाए हैं।
प्रमोद मुथालिक ने कहा कि हम सुबह-सुबह सबसे पहले यह इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे (मस्जिदें) अदालत के आदेश के अनुसार रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक माइक या स्पीकर का इस्तेमाल नहीं कर सकते। लेकिन वह इसे सुबह पांच बजे इस्तेमाल करते हैं। इसलिए हम भी इस आदेश का उल्लंघन करेंगे। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि हमारी लड़ाई मस्जिदों में अजान या नमाज से नहीं बल्कि लाउडस्पीकर के इस्तेमाल से है।