अवार्ड ग्रहण करते ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक
- फोटो : ANI
ओडिशा को खेलों को बढ़ावा देने के लिए रविवार को दशक का सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार दिया गया। मशहूर खेल पत्रिका स्पोर्टस्टार ने 2011 से 2020 तक खेलों को बढ़ावा देने के लिए ओडिशा को दशक के सर्वश्रेष्ठ सम्मान से सम्मानित किया है। ओडिशा को दशक का सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार 'स्पोर्टस्टार एसेस अवार्ड' मिला है। ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री पटनायक ने पुरस्कार लेने के बाद कहा, मैं यह पुरस्कार ओडिशा के 4.5 करोड़ लोगों को विशेषकर युवाओं को समर्पित करता हूं। मुख्यमंत्री पटनायक ने 'स्पोर्ट फॉर यूथ और यूथ फॉर फ्यूचर' नारे के जरिए युवाओं से ज्यादा से ज्यादा खेलों में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि हर क्षेत्र में नाम रोशन करो। नए ओडिशा को और सशक्त बनाने के लिए साथ मिलकर काम करें।
राज्य के लोक सेवा भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को देश जाने-माने हॉकी स्टार एमएम सौम्या ने यह पुरस्कार दिया। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि चाहे आपदा प्रबंधन हो या कोविड के प्रसार को रोकने की चुनौती का साहसपूर्ण सामना किया है। ओडिशा के लोगों की ओर से पुरस्कार स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि यह ओडिशा के लोगों के लिए गौरवपूर्ण पल है।
मुख्यमंत्री पटनायक ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए ओडिशा को सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में चुनने के लिए सुनील गावस्कर की अध्यक्षता वाली जूरी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह टेलीविजन और इंटरनेट के युग से पहले दशकों तक प्रेरणास्रोत रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि स्वस्थ और अनुशासित समाज के निर्माण में खेल की प्रमुख भूमिका है। युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग करने और अपने व्यक्तित्व के विकास के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दृष्टि से हम पूरे राज्य में सक्रिय रूप से खेल का समर्थन कर रहे हैं।