गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खुंटे ने केंद्र के 'देखो अपना देश' कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए गोवा और उत्तराखंड सरकारों द्वारा शुरू की गई पहल के तहत बुधवार को हरिद्वार में रामदेव से मुलाकात की थी। इस कार्यक्रम का मकसद नागरिकों को देश की समृद्ध विरासत और विविध संस्कृति को देखने व अनुभव करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
गोवा और उत्तराखंड की सरकारों ने कल्याण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। खुंटे और रामदेव के बीच बैठक के बाद राज्य के पर्यटन विभाग ने एक वीडियो जारी किया जिसमें रामदेव ने कहा कि गोवा व उत्तराखंड के बीच एमओयू दोनों राज्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाने में एक लंबा रास्ता तय करेगा।
उन्होंने कहा, वर्तमान सदी विज्ञान और आध्यात्मिकता की है। भारत की सॉफ्ट पावर इसकी आध्यात्मिकता है जो सदियों से देश में प्रचलित है। रामदेव ने गोवा पर्यटन विभाग को यह सुनिश्चित करने का सुझाव दिया कि राज्य के होटलों में योग और ध्यान के लिए समर्पित एक कमरा हो ताकि पर्यटक न केवल अपने प्रवास के दौरान आनंद ले सकें, बल्कि मन की शांति भी पा सकें।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग योग, कल्याण और पंचकर्म सत्रों के लिए भी जगह बना सकता है। उन्होंने कहा, दुनिया तनाव और चिंता से गुजर रही है। लेकिन योग व ध्यान इन समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।