विमानन कंपनी स्पाइस जेट गुजरात के अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट और नर्मदा नगर जिले के केवडिया में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के बीच शनिवार यानी 31 अक्तू बर से रोजाना दो सी-प्लेन उड़ानों का संचालन करेगी। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एयरलाइन ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कंपनी साबरमती रिवर फ्रंट से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के बीच शनिवार से रोजाना दो सी-प्लेन उड़ानों का संचालन करेगी। उड़ान योजना के तहत एक तरफ का किराया 1500 रुपये से शुरू होगा। टिकट 30 अक्तू बर, 2020 के बाद से स्पाइस शटल की वेबसाइट से लिया जा सकेगा।
विज्ञाप्ति के मुताबिक, सी-प्लेन विमानों का संचालन स्पाइस जेट की सहयोगी कंपनी स्पाइस शटल करेगी। हर उड़ान की समय अवधि करीब 30 मिनट होगी। उड़ान योजना के तहत केंद्र, राज्य सरकारों और हवाई अड्डा संचालकों द्वारा तय एयरलाइनों को वित्तीय मदद दी जाती है ताकि जिन हवाई अड्डों से संचालन नहीं होता, वहां से उड़ानों को प्रोत्साहित किया जा सके। उड़ान के तहत विमानों में करीब आधी सीटें सब्सिडी युक्त किराये वाली होती हैं। स्पाइस जेट ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर अहमदाबाद-केवडिया विमान का संचालन शनिवार को शुरू होगा।
प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे पर गुजरात जाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्तू बर को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह गुजरात को सी-प्लेन सेवा की सौगात देंगे। इसी क्रम में सोमवार को स्पाइस जेट टेक्निक का एक ट्विन ओटर 300 सी -प्लेन नर्मदा नदी किनारे केवडिया कॉलोनी पहुंचा। यह प्लेन यहां से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरेगा और इसके साथ ही साबरमती रिवर फ्रंट और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के बीच क्षेत्रीय संपर्क योजना की शुरू हो जाएगी।
बता दें कि यह सी-प्लेन सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शुमार है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इसकी शुरुआत की थी, लेकिन अब इसे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से जोड़ दिया गया है। सी प्लेन बीते दिन ही मालदीव से कोच्चि पहुंचा था, जिसके बाद अब ये गुजरात आ गया है। पिछले कुछ दिनों से अहमदाबाद और केवडिया में सी प्लेन के लिए जेटी बनाने का काम जारी था और अन्य सभी तैयारियां की जा रही थीं।