स्पाइसजेट द्वारा शुरू की गई हेल्थकेयर कंपनी स्पाइसहेल्थ की लैब में अब कोई भी व्यक्ति कोविड-19 की जांच करा सकेगा। कंपनी की कोविड-19 लैब में अब तक सिर्फ विभिन्न राज्यों व सरकारी अस्पतालों व संस्थानों के ही कोरोना सैंपलों की जांच हो रही थी। अब इन लैब में आम लोग भी जांच करा सकेंगे।
बृहस्पतिवार को कंपनी के प्रवर्तक अजय सिंह व अवनि सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि स्पाइसहेल्थ में अब आम लोग भी अपना कोरोना टेस्ट करा सकेंगे। आम लोगों को भी टेस्टिंग सुविधा देने से इस महामारी से निपटने में मदद मिलेगी। लोग जल्दी अपना परीक्षण करा सकेंगे। कंपनी शुरुआत में दिल्ली व मुंबई में अपनी लैब में आम लोगों को कोविड टेस्ट करेगी। सरकारी अस्पतालों व निकायों के साथ कंपनी का कामकाज जारी रहेगा। इसके साथ ही उसने अब आम लोगों की भी जांच का निर्णय किया है।
घर से भी लिए जाएंगे सैंपल
स्पाइसहेल्थ ने लोगों की सुविधा का ध्यान रखते हुए घर बैठे कोविड-19 सैंपल लेने की भी व्यवस्था की है। इसके मामूली शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा घर से ही अपाइंटमेंट तय कर निकट की स्पाइसहेल्थ मोबाइल लैब पर सैंपल दिए जा सकेंगे। कंपनी जल्द ही देश के अन्य शहरों में भी कोविड-19 जांच केंद्र शुरू करेगी।
बता दें कि देश में एक बार पुन: कोरोना संक्रमण जोर पकड़ रहा है। रोजाना हजारों की संख्या में नए संक्रमित मिल रहे हैं। इसे देखते हुए महाराष्ट्र के नागपुर में लॉकडाउन लगाया गया हैं। वहीं सीएम उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगवाने के बाद कहा कि जल्द ही राज्य के कुछ और भागों में भी सख्त लॉकडाउन लगाया जाएगा।