उच्च स्तरीय नियुक्ति समिति की सिफारिश पर सरकार लेगी फैसला
- फोटो : PTI
रिजर्व बैंक के अगले गवर्नर के नाम पर अटकलों का बाजार गर्म है। गवर्नर रघुराम राजन के उत्तराधिकारी को लेकर आरबीआई के डिप्टी गवर्नर उर्जित पटेल, पूर्व कैग विनोद राय, एसबीआई प्रमुख अरुंधती भट्टाचार्य और अरविंद सुब्रह्मण्यम सहित एक दर्जन नाम चर्चा में है। राजन के दूसरा कार्यकाल न लेने की अचानक घोषणा के एक दिन बाद अटकलें लगनी शुरू हो गईं कि शीर्ष बैंक का अगला प्रमुख कौन होगा। हालांकि इस पर कोई आधिकारिक बयान तो नहीं आया है, लेकिन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि रिजर्व बैंक के अगले गवर्नर के नाम की घोषणा जल्द कर दी जाएगी।
संभावित नामों की सूची में आरबीआई के मौजूदा डिप्टी गवर्नर उर्जित पटेल को राजन का भरोसेमंद बताया जाता है। वहीं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चेयरपर्सन के रूप में अरुंधती भट्टाचार्य का कार्यकाल भी सितंबर में ही समाप्त हो रहा है। गौरतलब है कि राजन भी सितंबर में ही सेवा मुक्त हो रहे हैं। जबकि पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक विनोद राय को 2जी घोटाला उजागर करने का श्रेय प्राप्त है। इसके साथ ही राय बैंक बोर्ड ब्यूरो के प्रमुख हैं और बैंकिंग सुधार के लिए सरकार को परामर्श देते हैं।
जिन अन्य नामों की चर्चा है उनमें प्रमुख हैं मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रह्मण्यम, विश्व बैंक के मुख्य अर्थशास्त्री कौशिक बसु, राजस्व सचिव शक्तिकांत दास, पूर्व वित्त मंत्री के सलाहकार पार्थसारथी शोम, ब्रिक्स बैंक प्रमुख और आईसीआईसीआई बैंक के केवी कामथ और सेबी चेयरमैन यूके सिन्हा। राजन की तरह ही सिन्हा को यूपीए सरकार के दौरान सेबी का चेयरमैन बनाया गया, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से एनडीए सरकार ने उन्हें फरवरी में सेवा विस्तार दे दिया।
इनके अलावा जिन नामों की चर्चा है उनमें आरबीआई के पूर्व डिप्टी गवर्नर राकेश मोहन और सुबीर गोकरन, पूर्व वित्त सचिव विजय केलकर, पूर्व सीसीआई चेयरमैन अशोक चावला, पूर्व सीईए अशोक लाहिरी और विख्यात अर्थशास्त्री आर वैद्यनाथन हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक उच्च स्तरीय नियुक्ति समिति आरबीआई गवर्नर के लिए इन नामों पर विचार करेगी, जिसके बाद सरकार द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
Published By Rahul Sankrityayan