प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के आरोपों पर कहा कि अपने पाप-दाग और नाकामियां छिपाने के लिए वह झूठ की फैक्टरी चला रही है। बोफोर्स का दाग धोने के लिए राफेल का झूठ लेकर आए। हेलिकॉप्टर घोटाले का दाग हटाने के लिए एचएएल का झूठ लेकर आए। यही नहीं, इमरजेंसी का दाग मिटाने के लिए मुझे तानाशाह कहते रहते हैं। दरअसल, सच यही है कि कांग्रेस और उसका इकोसिस्टम हमेशा से ही झूठ को हथियार बनाकर चुनाव लड़ता आया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अमर उजाला के साथ विशेष साक्षात्कार में कहा-जनता का मुझ पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है क्योंकि उन्होंने हमारे 10 साल में विकास को धरातल पर उतरते देखा है। मगर, जब वे कांग्रेस के 60 साल को देखते हैं तो निराशा से भर जाते हैं। लोगों में इस बात का आक्रोश है कि कांग्रेस ने देश के 60 साल खराब कर दिए। यूपीए सरकार के 10 साल को भी लोग घोटालों के लिए याद करते हैं। इन लोगों के पास देश के लिए न कोई विजन है और न ही बेहतर भविष्य की योजना। वे झूठ और प्रपंच की राजनीति करके चुनाव जीतना चाहते हैं। पीएम मोदी ने कहा, यही वजह है कि देशवासियों ने मन बना लिया है कि भाजपा को 370 सीटों पर जीत दिलानी है। देशभर में रैलियों के बाद मुझे साफ दिख रहा है कि लोगों ने ‘चार जून, 400 पार’ के नारे को आत्मसात कर लिया है।
संविधान में बदलाव
पीएम ने कहा, संविधान बदलने का इंडी गठबंधन का असत्य उनकी झूठ की फैक्टरी से ही बाहर आया है। संविधान की आत्मा को बार-बार चोट पहुंचाने का काम कांग्रेस ने ही किया है। सबसे पहले संविधान की मूल प्रति पर प्रहार किया, संविधान की आत्मा पर प्रहार किया। अभिव्यक्ति की आजादी पर पहरा लगाने की कोशिश की। राज्यों की चुनी हुई सरकारों तक को हटा दिया। कांग्रेस अपना पाप छिपाने के लिए हम पर ये आरोप लगा रही है।
आरक्षण समाप्ति
कांग्रेस का आरक्षण विरोध का इतिहास रहा है, आरोप मुझ पर लगाते हैं। एससी, एसटी आरक्षण के खिलाफ नेहरू ने मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखी थी। ओबीसी आयोग पर राजीव सक्रिय नहीं रहे, जिसे भाजपा ने बनाया। जिन राज्यों में विपक्ष की सरकारें हैं, वहां आरक्षण में सेंध लगाने की कोशिश जारी है। कर्नाटक में मुसलमानों को पिछड़ी जाति में शामिल कर दिया। इंडी गठबंधन खुलकर एससी-एसटी-ओबीसी का पूरा आरक्षण मुस्लिम समाज को देने की बात कर रहा है।
बेरोजगारी
पिछले 10 वर्षों में रोजगार के अनेक अवसर बने हैं। रोजगार मेले के माध्यम से लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। अर्थव्यवस्था मजबूत होने से प्राइवेट सेक्टर आगे बढ़ रहा है। आज सवा लाख से ज्यादा स्टार्टअप हैं, इनसे बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर बन रहे हैं। मुद्रा लोन ने करोड़ों उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया और अब वे लोग जॉब क्रिएटर्स की भूमिका में हैं। देश में क्रिएटर इकॉनमी बड़ी हो रही है। 2017 में 6% बेरोजगारी थी, जो आज 3% पर आ गई है।
चुनाव न कराने पर
भविष्य में चुनाव न कराए जाने के आरोप पर पीएम मोदी ने कहा, मुद्दाविहीन विपक्ष जिन बातों को फैलाने में जुटा है, उनका जमीन पर कोई असर नहीं है। विपक्ष संविधान, चुनाव, सांविधानिक संस्थानों को लेकर झूठ फैलाकर उम्मीद कर रहा है कि जनता उसकी बात सुनेगी। ऐसी खोखली बातों का जनता पर कोई असर नहीं होता।
अदाणी-अंबानी
प्रचार में अदाणी-अंबानी का नाम लेने पर पीएम मोदी ने कहा, राजनीतिक फिरौती वसूलने के लिए कांग्रेस आरोप लगाती रही है। कांग्रेस पर माओवादी सोच हावी है। आजादी के बाद लेफ्ट पार्टियां कांग्रेस को टाटा-बिड़ला की सरकार कहती थीं। यही आइडिया शहजादे हम पर चिपकाने की नाकाम कोशिश करते हैं।
मुस्लिमों में भाजपा के लिए बेरुखी नहीं
पीएम ने कहा कि मुस्लिम समाज के मन में भाजपा के प्रति बेरुखी का भाव नहीं है। तीन तलाक की दहशत से जिन बेटियों को मुक्ति मिली है, उनसे पूछिए। सिर्फ बेटियां ही नहीं, उनके परिवार ने भी राहत की सांस ली है। पीएम मोदी ने कहा कि देश की किसी भी योजना में नहीं पूछा जाता कि लाभार्थी का नाम, जाति या पंथ क्या है। जो योजनाएं हैं, सबके लिए हैं। सबको इनका लाभ मिल रहा है।
मुस्लिमाें को गरीब रखना चाहती है कांग्रेस
कांग्रेस और इंडी गठबंधन मुस्लिम समाज को गरीब रखना चाहते हैं। वे इतना उलझा कर रखना चाहते हैं कि वे अपना भला-बुरा न समझ पाएं। तुष्टीकरण की नीति से मुस्लिम समाज का भला नहीं हो सकता। वे उनका इस्तेमाल वोटबैंक समझकर करते हैं।
तीसरी सरकार का 100 दिन का एजेंडा काम करने के लिए समय की बर्बादी क्यों
पीएम ने कहा, देश ने मन बना लिया है कि तीसरी बार एनडीए की सरकार बनानी है...फिर काम करने के लिए समय की बर्बादी क्यों करना। हमारे पास पहले 100 दिनों का एजेंडा है, जिस पर काम जारी है। मुझे देशभर के युवाओं के संदेश मिल रहे हैं, जिनमें वे अगले 5 वर्ष से लेकर 25 वर्षों तक के रोडमैप पर अपने सुझाव दे रहे हैं। मैंने तय किया है कि 100 दिनों के अलावा 25 दिन युवाओं के सुझाव पर अमल के होंगे। सरकार बनने पर प्राथमिकता...हम हर वह काम करने वाले हैं, जिससे देशवासियों का जीवन सुगम हो और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को शक्ति मिले।
काशी की सेवा करना मेरा सौभाग्य
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हर सनातनी के मन में एक बार काशी दर्शन की इच्छा रहती है और यह मेरा सौभाग्य है कि मैं महादेव की नगरी और मां गंगा की सेवा कर पा रहा हूं। यहां के देवतुल्य लोग, उनका स्नेह मेरे लिए सत्ता, संसदीय सीट, एमपी, पीएम से कहीं बड़ा है। मैं काशीवासियों के प्रेम का कर्जदार हूं और यह कर्ज मैं अंतिम सांस तक उतारना नहीं चाहता। इसके बदले मैं लगातार उनकी सेवा करना चाहता हूं।
भारत उन देशों में...जहां महंगाई दर कम
दुनिया युद्ध की परिस्थितियों से घिरी है। इसका सीधा असर तेल की कीमतों पर पड़ना तय था, पर हमारी सरकार ने अपने लोगों के हितों को प्राथमिकता दी और उन पर महंगे पेट्रोल-डीजल का बोझ नहीं पड़ने दिया। बहुत से देशों में महंगाई दर दहाई अंकों में है। भारत उन देशों में शामिल है, जहां महंगाई दर कम है। हमारी कोशिश रही है कि गरीब और मध्यमवर्ग के लिए महंगाई हमेशा सीमा में रहे।