अब चलती रोडवेज बस में यदि चालक को झपकी लगी तो बस अपने आप रुक जाएगी। रोडवेज बसों के बढ़ते हादसों पर लगाम लगाने के लिए परिवहन निगम अब तकनीक का सहारा लेगा। निगम ने बसों में स्टीयरिंग के पास एंटी पोलिजिन डिवाइस लगाने का फैसला किया है। चालक को बस चलाते वक्त हर पांच मिनट में डिवाइस का बटन दबाना होगा। बटन नहीं दबाने पर बस आटोमेटिक ब्रेक लगने से खुद ब खुद रुक जाएगी।
रोडवेज बसों के हादसे का शिकार होने की मुख्य वजह चालक को झपकी आना सामने आया है। इसके समाधान के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम अब रोडवेज बसों में एंटी पोलिजिन डिवाइस लगाने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद बस ड्राइव करते समय चालक को सतर्क रहते हुए हर पांच मिनट में एक बार बटन दबाना होगा। केंद्रीय कार्यशाला कानपुर में डिवाइस का इंजीनियर्स की देखरेख में परीक्षण चल रहा है।
परीक्षण के बाद प्रदेश की सभी रोडवेज बसों में यह डिवाइस लगाई जाएगी। परिवहन निगम की केंद्रीय कार्यशाला कानपुर के प्रबंधक रवींद्र सिंह ने बताया कि एंटी पोलिजिन डिवाइस का परीक्षण चल रहा है। परीक्षण सफल होने के बाद प्रदेश में सभी रोडवेज बसों में इस डिवाइस का इस्तेमाल किया जाएगा। एआरएम एटा जितेंद्र कुमार का कहना है कि परिवहन निगम की इस पहल से बस दुर्घटनाओं पर लगाम लगेगी।