सपा सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री का ओहदा रखने वाले पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष स्कूली बच्चों से ईंटें ढुलवा रहे हैं। ये वीडियो वायरल हुआ है। वहीं इस पूरे मामले पर मंत्री ने मजदूरी कराने के आरोप से इंकार किया है।
सपा सरकार में पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष और दर्जा प्राप्त मंत्री दीप सिंह पाल नगर के गोला बाजार स्थित एक विद्यालय का भी संचालित करते हैं। इन दिनों विद्यालय में बाउंड्री के निर्माण का कार्य चल रहा है। सोमवार को स्कूल के शिक्षक विद्यालय के बच्चे विद्यालय के बाहर रखी ईंटें ढोते नजर आए।
इस दौरान खुद मंत्री भी वहां मौजूद थे। उन्होंने एक व्यक्ति को दो सौ रुपये का भुगतान भी किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह बच्चों को इस काम के रुपये भी दे रहे थे। तस्वीरों में कैद हुए मंत्री से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने ऐसी किसी भी घटना से इंकार किया।
उनका कहना था कि विद्यालय का शिक्षक बच्चों से बाहर पड़ी ईंटें अंदर रखवा रहा था। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने ऐसा करने से मना करते हुए बच्चों को खाने-पीने के लिए दो सौ रुपये दिए थे। मजदूरी जैसा कुछ भी नहीं हो रहा था। कुछ लोग उनकी छवि को खराब करने के लिए इस तरह की हरकतें कर रहे हैं।