सपा से निष्कासित किए गए राज्यसभा सांसद प्रो रामगोपाल यादव ने अमर सिंह के बहाने सीधे सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह पर कई सियासी वार किए। उन्होंने मुलायम के अमर सिंह द्वारा जेल से बचाने संबंधी बयान को न सिर्फ मूर्खतापूर्ण बताया, बल्कि यह भी कहा कि उन्होंने खोटे सिक्के (अमर सिंह) के लिए असली सिक्के (खुद रामगोपाल) को बाहर कर दिया।
अपने निष्कासन पर व्यंग्य करते हुए उन्होंने कहा कि सपा में नेताजी ने उन्हें चिट्टी-विट्ठी लिखने के लिए रख लिया था, अब इसके लिए किसी और को रख लेंगे। इस दौरान रामगोपाल ने अमर सिंह पर सांसद और मुख्यमंत्री की पत्नी डिंपल यादव के खिलाफ साजिश रचने का भी आरोप लगाया।
रामगोपाल ने इस दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समर्थन में खड़े रहने की घोषणा भी की। पार्टी से निष्कासन के बाद शिवपाल यादव और अमर सिंह को उत्तर प्रदेश के किसी भी हिस्से में अपने खिलाफ बोलकर सुरक्षित बाहर निकलने की चुनौती देने के बाद रामगोपाल ने अब सीधे सपा प्रमुख पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नेताजी का यह कहना कि अमर सिंह ने उन्हें जेल जाने से बचाया मूर्खतापूर्ण बयान है। क्या वह कहना चाहते हैं कि अमर सिंह ने सुप्रीम कोर्ट और सीबीआई को मैनेज कर लिया।