फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

India-South Korea Ties: कोरियाई विदेश मंत्री ह्यून का पहला भारत दौरा, जयशंकर के साथ बैठक; सहयोग बढ़ाने पर जोर

Sat, 16 Aug 2025 04:22 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून पहली बार भारत दौरा कर रहे हैं। आज उन्होंने भारतीय समकक्ष डॉ एस जयशंकर के साथ बैठक की। दोनों देशों के मंत्रियों ने आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। जानिए ह्यून ने भारत दौरे पर क्या बातें कीं और क्यों अहम है उनकी यह पहली यात्रा

विज्ञापन
भारत पहुंचे दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून - फोटो : एक्स@विदेशमंत्री जयशंकर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कोरियाई विदेश मंत्री के साथ बैठक के बाद कहा, एक पुराने मित्र का नए सहयोगी के रूप में मेजबानी करना 'बहुत विशेष सौभाग्य' है। ह्यून के विदेश मंत्री बनने पर बधाई देते हुए जयशंकर ने कहा, हमारे स्वतंत्रता दिवस और कोरियाई राष्ट्रीय दिवस के केवल एक दिन बाद उनकी भारत यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को दिए जाने वाले महत्व के बारे में बहुत कुछ कहती है। जयशंकर ने कोरिया को राष्ट्रीय मुक्ति दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

विज्ञापन


जयशंकर ने दोनों देशों के रिश्ते की अहमियत बताई
कोरियाई समकक्ष की भारत यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ जयशंकर ने कहा, यह भारत और दक्षिण कोरिया के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी की 10वीं वर्षगांठ का प्रतीक है। उन्होंने कनाडा के कनानास्किस में राष्ट्रपति यून से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री के साथ अपनी उपस्थिति को भी याद किया। इस बैठक में दोनों देशों के 'बहुत मजबूत संबंध' रेखांकित हुए थे।



विदेश मंत्री जयशंकर द्विपक्षीय बैठक में क्या बोले?
द्विपक्षीय बैठक के आरंभिक वक्तव्य में विदेश मंत्री डॉ जयशंकर ने कहा, मैं आज आपके साथ इस बारे में चर्चा करना चाहूंगा कि हम अपने संबंधों को और ऊंचे स्तर पर कैसे ले जा सकते हैं। मैं 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करने के लिए कोरिया का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। जब हमारा संसदीय प्रतिनिधिमंडल सियोल गया तो उनकी बहुत अच्छी बैठकें हुईं। आपने स्वयं भी उनसे मिलने का प्रयास किया। यह ऐसी चीज है जिसकी हम सराहना करते हैं।
विज्ञापन


भारत आना अत्यंत प्रसन्नता की बात
डॉ जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक में कोरियाई विदेश मंत्री चो ह्यून ने कहा, 'मैं कश्मीर में अचानक आई बाढ़ में के कारण जान-माल की हानि पर गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।' कोरियाई जनता की ओर से सहानुभूति व्यक्त करते हुए ह्यून ने कहा, विदेश मंत्री का पदभार ग्रहण करने के एक महीने से भी कम समय में भारत आना मेरे लिए अत्यंत प्रसन्नता की बात है। उन्होंने सोशल मीडिया, पत्र और फोन कॉल के माध्यम से बधाई देने के लिए भी जयशंकर को धन्यवाद दिया।

पीएम मोदी के नेतृत्व में हुए बदलावों की सराहना की
इस दौरान उन्होंने भारत के साथ अपने गहरे जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि दस साल पहले जब वह पहली बार दिल्ली आए थे, तब यहां की संस्कृति, विशालता और लोगों की आत्मीयता ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया था। उस समय वे भारत में कोरिया के राजदूत के तौर पर तैनात थे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए बड़े बदलावों को करीब से देखा। चो ह्युन ने कहा कि बीते दस वर्षों में भारत ने और भी अच्छे बदलावों को अपनाया है और यहां की प्रगति देखकर उन्हें गर्व हो रहा है। उन्होंने इस यात्रा के दौरान अपने पुराने साथियों से मुलाकात को खुशी का पल बताया। माना जा रहा है कि इस दौरे में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच आर्थिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूती देने पर चर्चा होगी।



पीएम मोदी को व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं
बकौल ह्यून, राष्ट्रपति ली जे म्यूंग भारत जैसे महान देश के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कनाडा में शिखर सम्मेलन के दौरान भी इस बात पर ज़ोर दिया गया था। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मुझसे प्रधानमंत्री मोदी को भी शुभकामनाएं प्रेषित करने को कहा है।

कोरियाई विदेश मंत्री ने भारत पहुंचने पर दी जश्न-ए-आजादी की बधाई
इससे पहले दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून शुक्रवार शाम भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक भारत-दक्षिण कोरिया की विशेष रणनीतिक साझेदारी मजबूत भविष्य की ओर अग्रसर है। बता दें कि भारत और दक्षिण कोरिया दोनों का स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को मनाया जाता है। भारत पहुंचने के बाद चो ह्यून ने भारत को शुभकामनाएं दीं और कहा कि आज कोरिया का नेशनल लिबरेशन डे और भारत का स्वतंत्रता दिवस है। मैं भारत को दिल से बधाई देता हूं और दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग को और मजबूत करने की उम्मीद करता हूं।

ये भी पढ़ें:- Vice Presidential Election: उपराष्ट्रपति पद के लिए 17 अगस्त को BJP की बैठक, NDA उम्मीदवार के नाम पर होगा फैसला

जयशंकर ने दी बधाई
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी चो ह्यून को दक्षिण कोरिया के स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे भारत में उनके स्वागत के लिए उत्सुक हैं। जयशंकर ने एक पुरानी तस्वीर भी साझा की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग से G7 समिट के दौरान मुलाकात की थी।

कोरियाई दूतावास ने जारी किया खास वीडियो
दिल्ली स्थित कोरियाई दूतावास ने भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक खास वीडियो जारी किया, जिसमें कोरियाई राजनयिकों ने हिंदी में भारतवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि भारत के स्वतंत्रता दिवस पर कोरियाई दूतावास से एक पत्र, हिंदी में। देखिए हमारे कोरियाई राजनयिकों की तरफ से खास शुभकामनाएं।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें:- राजधानी में सियासत: सौरभ भारद्वाज बोले- दिल्ली के लिए विपदा बनी भाजपा सरकार, जलभराव पर नहीं छिपा सकती नाकामी

सियोल में भारतीय दूतावास का जश्न
दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में स्थित भारतीय दूतावास में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह से मनाया गया। राजदूत अमित कुमार ने तिरंगा फहराया और भारत के राष्ट्रपति का संदेश पढ़ा। इसके साथ ही भारतीय समुदाय के लोगों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिससे वहां मौजूद सभी लोगों को भारत की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं पर गर्व महसूस हुआ।

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें