2011 के चर्चित सौम्या हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कुख्यात अपराधी गोविंदाचामी को शनिवार को केरल की त्रिशूर जिले की विय्यूर सेंट्रल जेल में स्थानांतरित कर दिया गया। यह कार्रवाई उस घटना के एक दिन बाद हुई जब वह कन्नूर जेल से फरार हो गया था। हालांकि कई घंटों की तलाशी के बाद उसे दोबारा पकड़ लिया गया था।
पुलिस ने बताया कि गोविंदाचामी को विय्यूर जेल में शिफ्ट करने का आदेश शुक्रवार देर रात जारी किया गया था, लेकिन उसे शनिवार सुबह स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। जेल तोड़कर भागने के सिलसिले में गोविंदाचामी पर एक और मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जेल से फरारी की इस घटना के बाद कन्नूर सेंट्रल जेल के तीन जेल अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने इस घटना को लेकर सरकार की कड़ी आलोचना की है। पार्टी ने सरकार को "अयोग्य" करार देते हुए आरोप लगाया कि जेल से भागने में अंदरूनी मदद मिली थी। कांग्रेस ने इस घटना की सीबीआई जांच की भी मांग की है।
खड़हर में बने कुएं में छिपा था गोविंदाचामी
सौम्या हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहा कुख्यात अपराधी गोविंदाचामी उर्फ गोविंदस्वामी उच्च सुरक्षा वाली कन्नूर केंद्रीय जेल से शुक्रवार को सुबह 4:15 बजे से 6:30 बजे के बीच फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटे बाद उसे पकड़ लिया।
एक वरिष्ठ जिला पुलिस अधिकारी ने बताया, गोविंदाचामी को कन्नूर शहर की सीमा के भीतर थलाप में स्थित एक जीर्ण-शीर्ण इमारत के पास से पकड़ा गया। गोविंदाचामी का बायां हाथ नहीं है। टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित वीडियो के अनुसार, वह इमारत के पास एक कुएं के अंदर छिपा हुआ था। पुलिस ने जेल से भागने के बाद गोविंदाचामी की तलाश के लिए खोजी कुत्तों का इस्तेमाल किया था।
ये भी पढ़ें: सौम्या रेप-हत्या केस: कन्नूर जेल से भागे गोविंदाचामी को पुलिस ने पकड़ा, कुएं में छिपा हुआ था अपराधी खूंखार
पुलिस को अपराधी की तलाश करने में स्थानीय लोगों की मदद मिली, जिनमें से कई ने दावा किया कि उन्होंने सुबह के समय शहर में गोविंदाचामी को देखा था। लोगों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने इलाके की छानबीन की और उसे पकड़ लिया।
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, गोविंदाचामी ने अपने सिर पर कपड़ों की गठरी रखी हुई थी और इसके बीच में अपना हाथ छिपाया हुआ था। जब मैंने उसे देखा तो मुझे संदेह हुआ। जैसे ही मैंने पुकारा, अरे गोविंदचामी! वह भाग गया। समाचार चैनलों पर प्रसारित सीसीटीवी फुटेज में गोविंदाचामी जैसा दिखने वाला एक व्यक्ति सड़क किनारे सिर पर एक गठरी रखे हुए चल रहा था और इसमें उसने अपना बायां हाथ छिपाया हुआ था।
भागने के लिए कपड़ों की बनाई रस्सी
इससे पहले दिन में कन्नूर के पुलिस अधीक्षक निधिनराज पी ने कहा कि भागते समय अपराधी ने काले रंग की शर्ट और पैंट पहन रखी थी और उसकी छोटी दाढ़ी थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार गोविंदाचामी तड़के 4.15 बजे से 6.30 बजे के बीच जेल से भागा और उसने जेल की दीवार फांदने के लिये कपड़ों से बनाई गई रस्सी का इस्तेमाल किया।
शोरनूर के पास मंजक्कड़ की 23 वर्षीय सौम्या से एक फरवरी 2011 को एर्नाकुलम से शोरनूर जा रही एक यात्री ट्रेन में सफर करते समय गोविंदाचामी ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसकी हत्या कर दी थी। गोविंदाचामी को सौम्या की नृशंस हत्या का दोषी ठहराया गया था।