फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनिया ने पीएम मोदी से गरीबों को मुफ्त अनाज देने की अपील की, राहुल ने घेरा

Mon, 13 Apr 2020 09:51 PM IST
अनवर अंसारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
सोनिया गांधी (फाइल फोटो) - फोटो : Facebook
विज्ञापन

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गरीबों को अनाज उपलब्ध कराने की मांग की है। सोनिया ने पीएम मोदी से अपील की है कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई की इस घड़ी में सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी नागरिक को भूखे नहीं रहना पड़े। 

विज्ञापन

सोनिया गांधी ने सोमवार को पीएम मोदी को पत्र लिखकर सरकार को इस साल सितंबर तक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति 10 किलो अनाज प्रदान करने के लिए कहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में, उन्होंने यह भी मांग की कि जो खाद्य असुरक्षा का सामना कर रहे हों, लेकिन उनके पास राशन कार्ड नहीं है। ऐसे लोगों को भी 10 किलो अनाज छह महीने तक मुफ्त में प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग मुख्य रूप से प्रवासी मजदूर हैं, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है। 
विज्ञापन

 

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देशभर में लाखों लोगों को लॉकडाउन के कारण खाद्य असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह दुखद है वह भी यह जानते हुए कि भारत के पास मौजूदा महामारी जैसी समस्याओं से निपटने के लिए खाद्यान्न का बड़ा बफर स्टॉक है।

पीएम मोदी को लिखे अपने पत्र में उन्होंने कहा कि वर्तमान संकट ने कई अपेक्षाकृत खाद्य सुरक्षित परिवारों को खाद्य असुरक्षा और गरीबी में धकेल दिया है। सोनिया ने लिखा कि महामारी के खिलाफ हमारी लड़ाई में हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी भुखमरी का सामना न करे।

लॉकडाउन से करोड़ों किसानों-मजदूरों को हुई तकलीफ: राहुल

वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि पूरे देश में एक ही तरह का लॉकडाउन लागू करने से करोड़ों किसानों, मजदूरों और कारोबारियों को बहुत पीड़ा हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना वायरस से ज्यादा प्रभावित इलाकों (हॉटस्पॉट) के अलावा दूसरे क्षेत्रों में कारोबार धीरे-धीरे खुलने दिया जाए। उन्होंने यह मांग ऐसे वक्त की है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह लॉकडाउन और कोरोना संकट पर देश को संबोधित करने वाले हैं।

गांधी ने ट्वीट किया, पूरे देश के लिए एक जैसा लॉकडाउन करने से करोड़ों किसानों, प्रवासी कामगारों, दिहाड़ी मजदूरों और कारोबार मालिकों को ऐसी तकलीफें झेलनी पड़ रही हैं जिन्हें बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस स्थिति में बड़ी अक्लमंदी से सुधार होना चाहिए। बड़े पैमाने पर जांच के माध्यम से ज्यादा प्रभावित इलाकों को चिन्हित करके अलग किया जाए और दूसरे इलाकों में कारोबार को धीरे-धीरे खुलने दिया जाए।

नकारात्मक भूमिका निभा रही है: भाजपाउधर, भाजपा ने सोमवार को आरोप लगाया कि कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ मोदी सरकार की लड़ाई में कांग्रेस नकारात्मक भूमिका निभा रही है। पार्टी ने कहा कि विपक्षी पार्टी के असहयोगपूर्ण रवैये ने इसकी प्रासंगिकता पर सवालिया निशान लगा दिया है। भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रुड़ी ने कहा कि सरकार ने समाज के विभिन्न वर्गों जैसे किसानों, उद्योगपतियों, वेतनभोगियों, गरीबों और महिलाओं की मदद के वास्ते कई राहत कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सच्चाई से बहुत दूर है और जनता को गुमराह कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस तरह की ओछी राजनीति करना बंद कर सरकार का सहयोग करना चाहिए। रुड़ी ने कहा कि दुनिया में कोरोना वायरस के कारण संकट के इस दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मानवता के एक अग्रणी रक्षक के रूप में उभरकर सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का रवैया न केवल नकारात्मक है बल्कि उसके नेताओं के असहयोगपूर्ण दृष्टिकोण से पार्टी की प्रासंगिकता पर भी एक सवाल खड़ा होता है। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें