'एक-दूसरे से लड़ते देखना दिल तोड़ने वाला'
उन्होंने अपने संदेश में कहा, 'शांतिपूर्वक साथ रहने वाले हमारे भाइयों और बहनों को एक-दूसरे के खिलाफ होते देखना दिल तोड़ने वाला है।' गांधी ने कहा कि मणिपुर का इतिहास सभी जातियों, धर्मों और पृष्ठभूमि के लोगों को गले लगाने की क्षमता और एक विविध समाज की असंख्य संभावनाओं का प्रमाण है। उन्होंने कहा, 'भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने के लिए विश्वास और सद्भावना की आवश्यकता होती है, और नफरत व विभाजन की आग को हवा देने के लिए गलत कदम की आवश्यकता होती है।'
'बच्चों के भविष्य के लिए दें समाधान का विकल्प'
उन्होंने कहा, 'आज हम अहम मोड़ पर खड़े हैं। समाधान के मार्ग पर चलने का हमारा विकल्प उस तरह के भविष्य को आकार देगा जो हमारे बच्चों को विरासत में मिलेगा। मैं मणिपुर के लोगों, विशेष रूप से मेरी बहादुर बहनों से अपील करता हूं कि वे इस खूबसूरत भूमि पर शांति और सद्भाव लाने के लिए नेतृत्व करें।' पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि एक मां के रूप में, वह उनके दर्द को समझती हैं और अच्छे विवेक से रास्ता दिखाने की अपील करती हैं।
'हम मिलकर अग्निपरीक्षा से पार पा लेंगे'
उन्होंने कहा, 'मुझे पूरी उम्मीद है कि आने वाले हफ्तों और महीनों में हम विश्वास बहाल करने की लंबी यात्रा पर निकलेंगे और इस परीक्षण से मजबूत बनकर उभरेंगे। मुझे मणिपुर के लोगों पर बहुत उम्मीद व भरोसा है और मुझे पता है कि हम एक साथ मिलकर इस अग्निपरीक्षा से पार पा लेंगे'। कांग्रेस भाजपा पर मणिपुर में 'विभाजनकारी राजनीति' करने का आरोप लगा रही है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि राज्य और केंद्र की सरकारें पूर्वोत्तर राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अपने कर्तव्य में विफल रही हैं।