फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'राहुल के जन्मदिन पर पहुंचा था सिर्फ एक दोस्त': सोनिया गांधी ने किताब में बताया किस्सा, इंदिरा से था कनेक्शन

Wed, 11 Nov 2026 10:49 AM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, नई दिल्ली

सार

सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में राहुल गांधी के बचपन से जुड़ा एक भावुक किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि 1977 में इंदिरा गांधी की चुनावी हार के बाद राहुल के सातवें जन्मदिन की पार्टी में उनके लगभग सभी दोस्तों ने आने से मना कर दिया था। सिर्फ एक दोस्त ही जन्मदिन मनाने पहुंचा था।
विज्ञापन
राहुल गांधी के सातवें जन्मदिन पर क्यों था सन्नाटा? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंदिरा गांधी की 1977 की चुनावी हार का असर गांधी परिवार पर किस तरह पड़ा था, इसका एक भावुक किस्सा सोनिया गांधी ने अपनी किताब में साझा किया है। उन्होंने बताया कि उस चुनावी हार के बाद राहुल गांधी के सातवें जन्मदिन की पार्टी में उनके लगभग सभी दोस्तों ने आने से मना कर दिया था। केवल एक दोस्त ही उन्हें जन्मदिन की बधाई देने पहुंचा था।
विज्ञापन


सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में इस घटना का जिक्र किया है। उन्होंने इसे राजनीतिक माहौल में मानवीय रिश्तों की अस्थिरता से जुड़ा एक कड़वा अनुभव बताया।

19 जून 1977 को था राहुल का सातवां जन्मदिन
सोनिया गांधी के मुताबिक, राहुल गांधी का जन्मदिन 19 जून को था। उस समय परिवार 12, विलिंगडन क्रेसेंट स्थित अपने नए घर में आया ही था। इसके बावजूद सोनिया राहुल के लिए छोटा-सा जन्मदिन समारोह आयोजित करना चाहती थीं। उन्होंने किताब में लिखा कि राहुल ने उन्हें अपने दोस्तों की एक सूची दी थी। ये वही बच्चे थे, जो पहले भी उसके जन्मदिन की पार्टियों में शामिल हो चुके थे। सोनिया ने उन सभी को आमंत्रित करने की तैयारी की थी।
विज्ञापन


हालांकि, इंदिरा गांधी की चुनावी हार के बाद बदले राजनीतिक माहौल में राहुल के ज्यादातर दोस्तों के परिवारों ने उन्हें जन्मदिन की पार्टी में भेजने से परहेज किया। इस तरह राहुल के जन्मदिन पर लगभग सभी दोस्त नहीं पहुंचे और सिर्फ एक दोस्त समारोह में शामिल हुआ।

इंदिरा गांधी के पास था मिट्टी के खिलौनों का डिब्बा
सोनिया गांधी ने किताब में बताया कि उनकी सास इंदिरा गांधी के पास बंगाल के मिट्टी से बने खिलौनों का एक संग्रह था। ये खिलौने असली कीड़े-मकोड़ों, छिपकलियों और मक्खियों जैसे दिखते थे।

इंदिरा गांधी इन्हें एक डिब्बे में रूई के बीच संभालकर रखती थीं, ताकि वे टूटें नहीं। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा उनसे कहती थीं कि वह डिब्बा तैयार रखें। मौका मिलने पर वह चुपचाप इनमें से कुछ खिलौने बच्चों की प्लेट या मेज पर रख देती थीं। इससे मेहमान चौंक जाते थे और वहां हंसी-मजाक शुरू हो जाता था।

जन्मदिन पर सिर्फ राहुल का दोस्त सिद्धार्थ पहुंचा
सोनिया ने बताया कि पार्टी की तैयारियां पूरी होने के बाद राहुल और प्रियंका मेज पर रखी चीजें देखने पहुंचे। इसके बाद परिवार मेहमानों का इंतजार करने लगा। कुछ देर बाद राहुल का सबसे अच्छा दोस्त सिद्धार्थ अकेले ही पहुंचा। काफी समय बीतने के बाद भी कोई दूसरा बच्चा नहीं आया। शुरुआत में सोनिया को लगा कि शायद निमंत्रण पहुंचाने में कोई गड़बड़ी हुई है। उन्होंने एक के बाद एक बच्चों के माता-पिता को फोन करना शुरू किया।

सभी के जवाब टालने वाले थे। तब सोनिया को समझ आया कि कोई दूसरा बच्चा आने वाला नहीं है। उन्होंने लिखा कि सात साल के बच्चे और उसके सहपाठियों के बीच का सामान्य रिश्ता भी राजनीति की वजह से प्रभावित हो गया था। राहुल को दुखी देखकर परिवार ने उन्हें समझाने की कोशिश की। इसके बाद केक काटा गया, लेकिन माहौल में पहले जैसी खुशी नहीं थी। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने खिलौनों का डिब्बा उन्हें वापस देते हुए दुखी मन से कहा कि इसे किसी और दिन इस्तेमाल कर लेंगे।

राजीव गांधी ने राहुल को समझाया था
सोनिया गांधी ने बताया कि बाद में राजीव गांधी ने राहुल को अपने पास बैठाकर समझाया। उन्होंने कहा कि दोस्तों की इसमें गलती नहीं है और राहुल को उनसे नाराज नहीं होना चाहिए। सोनिया के मुताबिक, राजीव ने राहुल से कहा था, "हो सकता है कि उनके माता-पिता तुम्हारे परिवार से दोस्ती करने से डरते हों। कुछ लोग सरकार से डरते हैं।"

सोनिया ने लिखा कि यह बच्चों के बड़े होने का मुश्किल दौर था। राजनीतिक उथल-पुथल, आसपास का तनाव और घर का माहौल भी उन पर असर डाल रहा था।

स्कूल में बच्चे राहुल और प्रियंका को करते थे परेशान
सोनिया गांधी ने बताया कि परिवार को बच्चों की चिंता रहती थी, क्योंकि स्कूल में उनके सहपाठी कई बार उन्हें चिढ़ाते थे। बच्चे घर आकर परेशान होते और पूछते थे कि लोग उनकी दादी और चाचा को चोर क्यों कहते हैं या उनके जेल जाने की बातें क्यों करते हैं। सोनिया के मुताबिक, वह बच्चों को समझाती थीं कि ये बातें सच नहीं हैं। कुछ लोग उनके परिवार के खिलाफ हैं, लेकिन उन्हें डरने की जरूरत नहीं है।

1977 में चुनावी हार के बाद खत्म हुआ था आपातकाल
देश में 25 जून 1975 की आधी रात से कुछ पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल लागू किया था। राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने इंदिरा गांधी की सलाह पर इसकी घोषणा की थी। बाद में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भी इसे मंजूरी दी।
18 जनवरी 1977 को इंदिरा गांधी ने नए चुनाव कराने का एलान किया और सभी राजनीतिक बंदियों को रिहा कर दिया।

16 मार्च 1977 को हुए लोकसभा चुनाव में इंदिरा गांधी और उनके बेटे संजय गांधी को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 21 मार्च 1977 को आपातकाल आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया। इसके बाद गांधी परिवार को कई मामलों का सामना करना पड़ा। नवंबर 1978 में चिकमंगलूर से उपचुनाव जीतने के बाद इंदिरा गांधी के लिए राजनीतिक हालात फिर बदलने लगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें