कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के काशी में दो अगस्त को प्रस्तावित रोड शो का रूट मैप तैयार कर लिया गया है। करीब 11 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान वह रास्ते में पड़ने वाली अमर शहीदों और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी करेंगी। सोनिया के रोड शो की सफलता के लिए मंगलवार को रणनीति तैयार कर ली गई। बुधवार से जनसंपर्क अभियान शुरू होगा।
लखनऊ में मंगलवार को हुई कांग्रेस के रणनीतिकारों की बैठक के बाद सोनिया के रोड शो के लिए बनाए गए तीनों रूट चार्ट अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और एसपीजी के पास भेज दिए गए हैं। एसपीजी की जिस पर सहमति होगी, उसी मार्ग पर सोनिया का रोड शो होगा। दो अगस्त को होने वाले रोड शो की रूपरेखा लखनऊ में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजेश मिश्र, मंडल चुनाव प्रभारी राजेश पति त्रिपाठी और विधायक अजय राय की मौजूदगी में तय की गई।
करीब 15 हजार से अधिक बाइक सवार युवा तरना में सोनिया की अगवानी करेंगे। इसके बाद दिन के करीब 12:30 बजे वह सर्किट हाउस पहुंचेंगी। वहां चारों धर्मों के धर्मगुरु सोनिया को शुभकामनाएं देंगे। वेद ऋचाओं की गूंज के बीच सर्किट हाउस से रोड शो शुरू होगा। अंधरापुल से चौकाघाट, गोलगड्डा से पीलीकोठी, विशेश्वरगंज होते हुए रोड शो मैदागिन पहुंचेगा।