कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पाकिस्तान में ननकाना साहिब पर भीड़ द्वारा पथराव व नारेबाजी की घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई के लिए भारत सरकार को पाकिस्तान पर दबाव बनाना चाहिए। सोनिया ने एक बयान जारी कर ननकाना साहिब पर भीड़ द्वारा किए गए अवांछित और अकारण हमले की निंदा की।
सिख श्रद्धालुओं और इस पवित्र स्थल के कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार इस मामले को तत्काल पाकिस्तान की सरकार के समक्ष उठाए ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और आगे से किसी हमले को रोका जा सके। सोनिया ने कहा कि सरकार को अपराधियों के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज करने, उनकी गिरफ्तारी व कार्रवाई के लिए भी सरकार को दबाव बनाना चाहिए।
राहुल ने भी की निंदा
इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ननकाना साहिब पर हमले की निंदा करते हुए कहा कि परस्पर सम्मान और प्रेम की बदौलत ही धर्मान्धता के जहर को खत्म किया जा सकता है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- 'ननकाना साहिब पर हमला निंदनीय है और इसकी खुल कर भर्त्सना करनी चाहिए। धर्मान्धता खतरनाक है और यह बहुत पुराना जहर है जिसकी कोई सीमा नहीं होती। प्रेम, परस्पर सम्मान और समझ ही इस जहर को खत्म करती है।इ
वहीं, इस घटना के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुज्जफरनगर में कहा कि ऐसी किसी भी घटना की निंदा होनी चाहिए।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में सिख किशोरी से शादी करने वाले एक मुस्लिम व्यक्ति के परिवार की अगुवाई में कुछ लोगों ने अपने रिश्तेदारों की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को यहां गुरुद्वारा जन्मस्थान ननकाना साहिब के बाहर प्रदर्शन किया।
भीड़ ने गुरद्वारे पर धावा बोल दिया और सिख श्रद्धालुओं पर पथराव किया। भारतीय विदेश मंत्रालय ने घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है।