केरल में पिछली यूडीएफ सरकार के कार्यकाल में सामने आए सोलर पैनल घोटाले के सिलसिले में मुख्य आरोपी सरिता नायर को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने नायर को उनके घर से गिरफ्तार किया। इससे पहले कोझिकोड की एक अदालत ने विवादास्पद महिला कारोबारी के खिलाफ वारंट जारी किया था।
सारिता घोटाले से जुड़े एक मामले में अदालत में पेश नहीं हुयी थीं और उसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया। पुलिस ने बताया कि उन्हें कोझिकोड लाया गया और रिमांड पर लिया गया।
कोझिकोड निवासी अब्दुल मजीद द्वारा 2012 में पुलिस में दर्ज करायी गयी एक शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों- नायर और बीजू राधाकृष्णन ने उनसे 42.70 लाख रुपये लिए थे। यह राशि मजीद के कार्यालय और घर में सोलर पैनल लगाने तथा अपनी कंपनी की 'फ्रेंचाइजी' के लिए दी गई थी।
लेकिन इस समझौते का पालन नहीं किया गया और न ही ली गयी राशि लौटायी गई। सुनवाई अदालत इस मामले में फरवरी में फैसला सुनाने वाली थी लेकिन आरोपियों के पेश नहीं होने के कारण फैसला टाल दिया गया था।