कन्या दान से बड़ा कोई दान नहीं, लेकिन, किसी गरीब कन्या को शिक्षित करवाना उससे भी बड़ा पुण्य का कार्य बन सकता है। ...और अपनी इच्छानुसार आर्थिक मदद कर आप भी यह पुण्य कमा सकते हैं।
अब बेटियों के चेहरों पर राज्य सरकार का मुस्कान कार्यक्रम मुस्कान बिखेरेगा। इस कार्यक्रम के तहत कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए कारगर कदम उठाने के साथ ही लिंग अनुपात में सुधार के लिए व्यापक कदम उठाए जाएंगे। जिसके तहत पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन किया गया है।
जनपद सिरमौर में बेटियों के उत्थान के लिए स्पेशल फंड का गठन किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन की अगुवाई में एक कमेटी का गठन किया जाएगा। कमेटी ट्रस्ट की भांति कार्य करेगी। दानी सज्जन इसमें आर्थिक आहुति डाल सकते हैं। एकत्रित होने वाला धन गरीब और जरूरतमंद बेटियों पर खर्च किया जाएगा। जिसमें सबसे अधिक जोर शिक्षा पर रहेगा।
जनपद सिरमौर में समय से पहले स्कूल छोड़ने वाली बेटियों की संख्या काफी अधिक है। ऐसे में प्रशासन की यह पहल ऐसी बेटियों के लिए वरदान साबित होगी। जो गरीबी के चलते समय से पहले स्कूल छोड़ने के लिए विवश हो रही हैं। इस फंड को लड़की की शिक्षा, स्वास्थ्य आदि पर खर्चा वहन किया जाएगा। महिला एवं बाल कल्याण विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी इरा तनवर ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि यह पहले मुस्कान कार्यक्रम के तहत की जा रही है। जिले में एक स्पेशल फंड का गठन किया जा रहा है। जिसमें उन बेटियों की मदद की जाएगी जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। उन्होंने कहा कि इस फंड में कोई दान करना चाहता है, वह कर सकता है। इस फंड से जिले की कई बेटियां को एक नई दिशा मिलेगी।
मानसी सहाय का प्रयोग रहा सफल
महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक मानसी सहाय ठाकुर ने बिलासपुर में उपायुक्त के कार्यकाल के दौरान मुस्कान कार्यक्रम चलाया था। इसके सुखद परिणाम सामने आए। वहां के लिंग अनुपात में इस कार्यक्रम के बाद आश्चर्यजनक परिणाम सामने आए थे। लिहाजा, निदेशक बनने के बाद इस कार्यक्रम को पूरे राज्य में आरंभ किया गया।