नई दिल्ला-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस।
- फोटो : अमर उजाला।
ट्रेनों में अब स्मार्ट सफर के लिए हो जाए तैयार। अब एक क्लिक में आप खिड़कियों से धूप का सेवन कर सकेंगे तो दूसरे ही क्लिक में कोच में बाहरी लोगों की नजर से बच सकेंगे। दरअसल रेलवे ने ट्रेनों में पॉलिमर डिस्पसर्ड लिक्विड क्रिस्टल आधारित शीशा खिड़कियों में पर्दे की जगह लगाना शुरू कर दिया है। इसकी खासियत है कि इसे अपनी सुविधा के अनुसार यात्री पारदर्शी बना सकेंगे।
पॉलिमर डिस्पसर्ड लिक्विड क्रिस्टल आधारित स्वीच से लैस इस नई तकनीक के सहारे यात्रा के दौरान ट्रेन के मुसाफिर विंडों को पारदर्शी रखना है या नहीं यह खुद निर्धारित करेंगे। इस तकनीक से यात्रियों की प्राइवेसी, तेज धूप व अल्ट्रा वॉयलेट किरणों से बचाव भी होगा। नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस में इसे बतौर पॉयलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है।
इसे लेकर रेलवे यात्रियों से एक फीडबैक भी लेगा। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इस नई तकनीक आधारित विंडों की खासियत को लेकर बुधवार को एक ट्वीट भी किया। इसमें उन्होंने कहा है कि आधुनिक तकनीक से नई सुविधाए देने की दिशा में एक और शुरुआत करते हुए हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में स्मार्ट विंडो सिस्टम लगाया गया है। इसके द्वारा यात्री सिर्फ एक स्विच की मदद से विंडों के शीशे को अपनी सुविधानुसार पारदर्शी या अपरारदर्शी बना सकते है।
उल्लेखनीय है कि सुरक्षा कारणों से रेलवे ने ट्रेन के कोच में लगे पर्दे को हटा रहा है। ऐसी स्थित में यात्रियों को रात के वक्त शीशे से आने वाली लाइट व गर्मी के दिनों में सूर्य की तेज किरण से परेशान होना पड़ता था। इस स्मार्ट विंडों के लग जाने से जहां यात्रियों निजता बरकरार रहेगी वहीं सुविधा अनुसार कोच में बाहर से रौशनी का प्रबंधन किया जा सकेगा।