फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदलती टेक्नोलॉजी: स्मार्टफोन का अगला विकल्प स्मार्ट ग्लास? कैसे बदल सकता है तकनीक को इस्तेमाल करने का तरीका?

Sun, 15 Nov 2026 06:42 AM IST
संकल्प प्रकाश सिंह स्पेशल डेस्क, अमर उजाला

सार

स्मार्टफोन के बाद अब टेक कंपनियां स्मार्ट या वीआर ग्लास को अगला बड़ा डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाने की तैयारी में हैं। एआई और अगमेंटेड रियालिटी वाले ये चश्मे क्या भविष्य में स्मार्टफोन की जगह ले पाएंगे?
विज्ञापन
Smart Glass - फोटो : Amar Ujala AI Generated
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सोचिए आपको किसी का मैसेज पढ़ना हो, रास्ता देखना हो या इंटरनेट पर कुछ सर्च करना हो लेकिन इसके लिए आपको बार-बार जेब से स्मार्टफोन निकालने की जरूरत ही न पड़े। आपकी आंखों के सामने लगे चश्मे पर ही ये सारी जानकारियां दिखाई देने लगे। सुनने में यह किसी साइंस फिक्शन फिल्म जैसा लग सकता है लेकिन स्मार्ट या वीआर ग्लासेज के जरिए तकनीक की दुनिया इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कैमरा, माइक्रोफोन और ऑगमेंटेड रियलिटी जैसी तकनीकों से लैस ये स्मार्ट चश्मे डिजिटल दुनिया से जुड़ने का एक नया तरीका पेश कर रहे हैं।

विज्ञापन


बड़ी टेक कंपनियां भी इस बाजार में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या आने वाले समय में स्मार्टफोन की जगह स्मार्ट ग्लासेज ले लेंगे? क्या हम कॉल करने, मैसेज पढ़ने और इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल की जगह चश्मे पर निर्भर हो जाएंगे? या फिर ये स्मार्टफोन के विकल्प के बजाय उसका एक नया साथी बनकर रहेंगे?

स्मार्ट या वीआर ग्लासेज को समझने के लिए मेटावर्स को जानना भी जरूरी है। मेटावर्स को इंटरनेट का अगला पड़ाव माना जा रहा है, जहां लोग सिर्फ स्क्रीन पर कंटेंट देखने के बजाय एक डिजटल दुनिया का हिस्सा बन सकते हैं। इस दुनिया में वे वर्चुअल मीटिंग कर सकते हैं, गेम खेल सकते हैं, खरीदारी कर सकते हैं और दूसरे लोगों से ऐसे जुड़ सकते हैं जैसे वे एक ही जगह मौजूद हों। इसका मकसद इंटरनेट को ज्यादा इंटरैक्टिव और वास्तविक अनुभव के करीब लाना है। हालांकि, मेटावर्स का पूरा अनुभव अभी आम लोगों तक नहीं पहुंच पाया है लेकिन स्मार्ट या वीआर ग्लासेज की मदद से ऐसा संभव माना जा रहा है। 
विज्ञापन


साल 2026 तक स्मार्ट ग्लासेज की टेक्नोलॉजी में काफी बदलाव आ चुका है। अब इन्हें सिर्फ स्मार्टफोन के साथ इस्तेमाल होने वाली एक एक्स्ट्रा डिवाइस के तौर पर नहीं देखा जा रहा बल्कि इनके जरिए मोबाइल की जगह लेने की संभावना भी तलाशी जा रही है। बेहतर प्रोसेसर, लंबी बैटरी लाइफ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल ने इन चश्मों को पहले के मुकाबले ज्यादा उपयोगी बना दिया है। अब ये सिर्फ नोटिफिकशन दिखाने तक सीमित नहीं हैं। ये अब यूजर की आसपास की चीजें समझने, जानकारी खोजने और डिजिटल काम करने में भी मदद कर सकते हैं। ऐसे में महत्वपूर्ण सवाल है कि क्या ये स्मार्टफोन को पीछे छोड़ पाएंगे? स्मार्टफोन के बाद अगला बड़ा टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म क्या होगा? मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग के मुताबिक इसका जवाब स्मार्ट चश्मे हो सकते हैं। उनका कहना है कि आने वाले समय में लोग टेक्नोलॉजी इस्तेमाल करने के लिए हर बार फोन की स्क्रीन पर निर्भर नहीं रहेंगे बल्कि चश्मे के जरिए ही कई डिजिटल काम कर सकेंगे।

Trending Videos
विज्ञापन

Smart Glass - फोटो : Amar Ujala AI Generated
मेटा के Ray-Ban स्मार्ट ग्लास इसी सोच का शुरुआती उदाहरण हैं। देखने में ये सामान्य चश्मों जैसे लगते हैं लेकिन इनमें कैमरा, माइक्रोफोन, ओपन-ईयर स्पीकर और मेटा एआई जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इनकी मदद से यूजर बिना फोन निकाले वॉयस कमांड दे सकता है, सामने दिख रही किसी चीज के बारे में सवाल पूछ सकता है और फोटो या वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है। इसके अलावा म्यूजिक सुनने और फोन कॉल करने जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।

हाल ही में मेटा ने करीब 100 ग्राम वजन वाले नए वीआर ग्लासेज की झलक दिखाई थी। खास बात ये है कि इसका डिजाइन पारंपरिक भारी वीआर हेडसेट की तुलना में चश्मे जैसा है।  इसमें 5K डिस्प्ले है और इसे कंप्यूटर या मैक से जोड़कर एक साथ कई वर्चुअल स्क्रीन पर काम किया जा सकता है। इस चश्मे में आप आइमैक्स स्टाइल में 3D सिनेमा भी देख सकते हैं। जुकरबर्ग का मानना है कि नई टेक्नोलॉजी आने से पुरानी डिवाइस एकदम खत्म नहीं होती है जैसे स्मार्टफोन आने के बाद कंप्यूटर का इस्तेमाल बंद नहीं हुआ बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों में फोन की जगह ज्यादा अहम हो गई। इसी तरह स्मार्ट ग्लास भी धीरे-धीरे हमारी डिजिटल जिंदगी का जरूरी हिस्सा बन सकते हैं।  

स्मार्ट ग्लास को सफल बनाने में सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ उनकी टेक्नोलॉजी विकसित करना नहीं है बल्कि लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में इन्हें पहनने के लिए तैयार करना भी है। इसके लिए चश्मे का हल्का होना, लंबे समय तक आरमदायक रहना और एक बार चार्ज करने पर पर्याप्त बैटरी बैकअप देना जरूरी है। इसके अलावा कैमरे से जुड़ा प्राइवेसी का सवाल भी अहम है। आसपास मौजूद लोगों को कैसे पता चलेगा कि चश्मा पहनने वाला उनकी तस्वीर या वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है?

अगले आने वाले कुछ वर्षों में स्मार्टफोन की जगह पूरी तरह लेना इन चश्मों के लिए आसान नहीं होगा। मोबाइल की बड़ी स्क्रीन, टाइपिंग और मुश्किल काम करने की सुविधाएं अभी भी इसे ज्यादा उपयोगी बनाती हैं।

कुल मिलाकर स्मार्ट ग्लास के पास टेक्नोलॉजी की दुनिया में बड़ा बदलाव लाने की क्षमता जरूर है। हालांकि, स्मार्टफोन की जगह लेने का रास्ता अभी आसान नहीं है। इसके लिए कंपनियों को बैटरी, डिस्प्ले, कीमत और प्राइवेसी जैसी चुनौतियों का समाधान करना होगा। साथ ही लोगों को यह भरोसा भी दिलाना होगा कि चश्मे से डिजिटल काम करना मोबाइल के मुकाबले ज्यादा आसान और सुविधाजनक है। हो सकता है कि आने वाले वर्षों में हम स्मार्टफोन को पूरी तरह छोड़ न पाएं लेकिन कई कामों के लिए उसे जेब से निकालने की जरूरत कम हो सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें