मामले में गिऱफ्तार किए गए छह आरोपी औरंगाबाद के रहने वाले हैं और उनकी उम्र 19 से 26 साल के बीच है।वहीं, इस घटना के संबंध में दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ सशस्त्र डकैती सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
महाराष्ट्र के कसारा और कल्याण रेलवे स्टेशनों के बीच चाकू की नोंक पर एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों के साथ लूट के मामले में राजकीय रेलवे पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। वहीं, ठाणे जिले के कल्याण में एक ज्वेलरी की दुकान पर पांच लोगों द्वारा लूट की कोशिश करने और दुकान में मौजूद लोगों पर तलवार से हमला करने का मामला भी सामने आया है।
विज्ञापन
पुलिस ने ट्रेन में लूट की घटना के बारे में भी जानकारी दी। कल्याण में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के वरिष्ठ निरीक्षक मुकेश धागे ने बताया कि यह घटना मंगलवार सुबह करीब पांच बजे मुंबई जाने वाली देवगिरी एक्सप्रेस ट्रेन में हुई थी। उन्होंने बताया कि जब ट्रेन कसारा रेलवे स्टेशन से मुंबई के लिए रवाना हुई, तो कुछ लोगों ने दो बोगियों में घुसकर यात्रियों को चाकू की नोंक पर लूट लिया। करीब डेढ़ घंटे तक वे लोग लूट के कारनामे को अंजाम देते रहे। इस दौरान कुछ साथी यात्रियों ने रेलवे पुलिस के कंट्रोल रूम को इसके बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जैसे ही ट्रेन ठाणे जिले के कल्याण रेलवे स्टेशन पहुंची उन आरोपियों ने चेन पुलिंग करने की कोशिश की। इस दौरान यात्रियों ने कुछ आरोपियों को पकड़ लिया। वहीं, अन्य को ठाणे और दादर रेलवे स्टेशनों के बीच गिरफ्तार किया गया। मामले में गिऱफ्तार किए गए छह आरोपी औरंगाबाद के रहने वाले हैं और उनकी उम्र 19 से 26 साल के बीच है।वहीं, इस घटना के संबंध में दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ सशस्त्र डकैती सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
विज्ञापन
रेलवे पुलिस के अधिकारी मुकेश धागे ने बताया कि पीड़ित यात्री डॉ बाबासाहेब आंबेडकर को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए दादर में चैत्यभूमि जाने के लिए नांदेड़ से मुंबई जा रहे थे।
ज्वेलरी की दुकान में चोरी की कोशिश नाकाम
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में एक ज्वेलरी की दुकान पर पांच लोगों ने कथित तौर पर हमला कर लूट की कोशिश की। इस दौरान लुटेरों ने दो लोगों तलवार से पर हमला भी किया। हालांकि लुटेरे अपनी कोशिशों में कामयाब नहीं हो पाए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
हिल लाइन पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता 395 (डकैती), 307 (हत्या का प्रयास) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया है जो अभी भी फरार हैं।