मेघालय के तुरा में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बर्नार्ड एन.मारक (Barnard N.Marak) द्वारा कथित रूप से चलाए जा रहे एक 'वेश्यालय' से छह बच्चों को रेस्क्यू (Rescue) किया गया और इस मामले में 73 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
भाजपा नेता के स्वामित्व वाले फार्महाउस पर छापेमारी
वेस्ट गारो हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेकानंद सिंह ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर मिलिटेंट से नेता बने मारक के स्वामित्व वाले फार्महाउस रिंपू बागान पर छापा मारा गया।
सिंह ने बताया कि हमने छह नाबालिंगों (चार लड़कों और दो लड़कियों) को रेस्क्यू किया है, जो रिंपू बागान में अस्वच्छ कमरों के अंदर बंद पाए गए। उन्होंने बताया कि बच्चों को सुरक्षित अभिरक्षा के लिए जिला बाल संरक्षण अधिकारी (डीसीपीओ) को सौंप दिया गया है। कानून के अनुसार आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
400 शराब की बोतलें और 500 से ज्यादा अप्रयुक्त कंडोम बरामद
सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान 400 शराब की बोतलें और 500 से ज्यादा इस्तेमाल न किए हुए कंडोम बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 73 लोगों को 'नापाक गतिविधियों' में लिप्त होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। फार्महाउस में 30 छोटे कमरे हैं।
उन्होंने बताया कि यह वहीं जगह है जहां एक लड़की का यौन उत्पीड़न किया गया था और इस संबंध में फरवरी 2022 में एक मामला भी दर्ज किया गया था।
भाजपा नेता ने वेश्यालय चलाने के आरोप से इनकार किया
गारो ट्राइबल ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल के निर्वाचित सदस्य मारक ने बयान में मुख्यमंत्री कोनराड संगमा पर छापेमारी के लिए हमला किया है और 'वेश्यालय' चलाने के आरोप से इनकार किया है।
मेरी छवि खराब करने का हताशापूर्ण प्रयास : मारक
उन्होंने दावा किया, "मुख्यमंत्री हताश हो रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि वह अपनी दक्षिण तुरा सीट भाजपा से हार रहे हैं। राजनीतिक प्रतिशोध में मेरे फार्महाउस पर छापेमारी मेरी छवि को खराब करने का हताशापूर्ण प्रयास है।"
पुलिस ने बताया कि मारक को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। भाजपा, सत्तारूढ़ मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस का हिस्सा है, जिसका नेतृत्व संगा की पार्टी एनपीपी कर रही है।