फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ashok Kharat: दुष्कर्म के आरोपी बाबा अशोक खरात के बेटे से SIT की पूछताछ, पत्नी की तलाश जारी

Wed, 01 Apr 2026 12:01 AM IST
Devesh Tripathi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नासिक

सार

नासिक के स्वयंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ एसआईटी की कार्रवाई से शिकंजा कसता जा रहा है। एसआईटी को बड़ी संख्या में नागरिकों से शिकायतें मिल रही हैं। बीते दिनों ये बात सामने आई थी कि एसआईटी को रोजाना 15-20 शिकायती कॉल मिल रही हैं। इनमें अशोक खरात पर उगाही से लेकर उत्पीड़न तक के आरोप लगाए गए हैं।
विज्ञापन
आरोपी अशोक खरात - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दुष्कर्म के आरोपी कथित 'बाबा' अशोक खरात के खिलाफ जांच कर रही विशेष जांच टीम ने मंगलवार को नासिक शहर से उसके बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बाबा की पत्नी की भी तलाश की जा रही है।
विज्ञापन


खरात के खिलाफ नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में कम से कम 10 एफआईआर दर्ज हैं। इनमें से आठ यौन उत्पीड़न या शोषण के आरोप में और दो धोखाधड़ी के मामले हैं। वहीं, एसआईटी को फोन पर उसके खिलाफ 100 से अधिक शिकायतें मिली हैं।

बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
एसआईटी की एक टीम अशोक खरात के कर्मयोगी नगर स्थित आवास पर पहुंची और उसके बेटे हर्षवर्धन को हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसे पूछताछ के लिए महाराष्ट्र पुलिस अकादमी ले जाया गया।
विज्ञापन


जांचकर्ता खरात की पत्नी कल्पना का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, एसआईटी को उसके आवास पर वह नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने बेटे को हिरासत में ले लिया। गौरतलब है कि आज यानी बुधवार को खरात की पुलिस हिरासत समाप्त हो रही है, जिसके बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।

चार करोड़ की धोखाधड़ी में पत्नी कल्पना भी आरोपी
इस बीच पड़ोसी अहिल्यानगर जिले की पुलिस ने मंगलवार को पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसमें खरात की पत्नी भी शामिल है। इन पर एक जमीन मालिक को चार करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है। शिरडी में पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, खरात की पत्नी कल्पना अभी भी फरार है और उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

एक अधिकारी ने बताया कि शिरडी के एक जमीन मालिक ने खरात की पत्नी से चार एकड़ जमीन के एवज में 5.52 करोड़ रुपये का असुरक्षित ऋण लिया था। उसने लगभग 1.5 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया था, लेकिन खरात ने कथित तौर पर जमीन हड़पने की कोशिश की। इसके बाद मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर धोखाधड़ी और महाराष्ट्र धन उधार (विनियमन) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

पत्नी और एक अन्य शख्स की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविंद बावके और किरण सोनावाने के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि अशोक खरात, उसकी पत्नी और एक बिचौलिए की इस मामले में तलाश है।
विज्ञापन


अन्य वीडियो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें