आईआईटी, एनआईटी की तर्ज पर देशभर के विभिन्न इंजीनियरिंग और आर्किटेक्चर प्रोग्राम के लिए शैक्षणिक सत्र 2018-19 से सिंगल कॉमन एंट्रेंस एग्जाम होगा। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन को इस संबंध में शुक्रवार को निर्देश जारी कर दिया है।
खास बात यह है कि मंत्रालय ने राज्य सरकारों के साथ डीम्ड यूनिवर्सिटी प्रबंधन से इस संबंध में और सुझाव भी मांगे हैं। साथ ही ज्वाइंट सीट एलोकेशन सिस्टम के माध्यम से कॉमन काउंसिलिग से भी जुड़ने का आह्वान किया है।
सूत्रों के मुताबिक, देशभर के इंजीनियरिंग और आर्किटेक्चर कॉलेजों में बीटेक और बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर में अगले सत्र से अलग-अलग प्रवेश परीक्षा नहीं होगी। बल्कि नीट की तर्ज पर एक सिंगल कॉमन प्रवेश परीक्षा होगी। इसके माध्यम से आगे विभिन्न कॉलेजों में उक्त दोनों ग्रेजुएशन प्रोग्राम में दाखिले होंगे।