एजेंसियों में तालमेल पर शाह की बैठक
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला, एनआईए निदेशक दिनकर गुप्ता, दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा और अन्य अधिकारी बैठक में शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि बैठक में सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
श्रीलंका के नागरिकों की हिरासत पर केंद्र, कर्नाटक को नोटिस
कर्नाटक हाईकोर्ट ने श्रीलंका के नागरिकों को हिरासत में लेने पर केंद्र और राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। कर्नाटक राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा 25 लोगों की ओर से एक जनहित याचिका दायर की गई थी, जिस पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश आलोक अराधे की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने सुनवाई की। पीठ ने केंद्रीय गृह मंत्रालय, राष्ट्रीय जांच एजेंसी, कर्नाटक गृह मंत्रालय, मंगलुरु दक्षिण पुलिस और बंगलूरू शहरी उपायुक्त को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
राजस्थान : युवक की मौत के बाद सेना के छह जवानों पर केस दर्ज
राजस्थान में सेना के छह जवानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि जवानों ने घायल अवस्था में जिस व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया था, उसकी मौत के बाद केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, सलमान (24) दोस्त के साथ बाइक पर सोमवार को पोखरण के फायरिंग रेंज इलाके में गया था। यह वर्जित क्षेत्र है, इसलिए सामने से सेना के गश्ती वाहन को आता देख बचने के लिए उन्होंने अपनी बाइक रेत के टीलों की तरफ मोड़ दी। परिजनों का आरोप है कि जवानों ने सलमान को पकड़ लिया और उसकी बुरी तरह पिटाई की। उधर सेना की तरफ से आरोपों का खंडन करते हुए कहा गया है कि जवानों ने घायल सलमान को देखा और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
तमिल फिल्म निर्माता अंबु और अन्य के 40 ठिकानों पर आयकर छापे
आयकर विभाग के अधिकारियों ने कर चोरी के मामले में मदुरै में तमिल फिल्म निर्माता अंबु चेझियन व अन्य के करीब 40 से अधिक परिसरों पर छापे मारे। सूत्रों के मुताबिक, चेन्नई में फिल्म निर्माता कलाईपुली एस थानू के कार्यालयों और फिल्म निर्माता एसके प्रभु के चेन्नई में आवास पर भी छापे पड़े हैं। अंबु चेझियन के गोपुरम फिल्म्स ने कई तमिल फिल्मों को फाइनेंस किया है और कई सफल फिल्मों का वितरण भी किया है।
आयकर विभाग ने पांच फरवरी, 2020 को अंबु के आवास पर छापे में 65 करोड़ रुपये नकद बरामद किए थे। अंबु 2017 में लोगों की नजरों में तब आए, जब निर्देशक शशि कुमार के रिश्तेदार अशोक कुमार ने खुदकुशी कर ली थी। उन्होंने अपने सुसाइड नोट में अंबु पर वित्तीय मामलों में दबाव बनाने का आरोप लगाया था।
असम : 15 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त, तीन गिरफ्तार
असम के कार्बी आंगलोंग जिले में पुलिस ने हेरोइन और मॉर्फिन समेत 15 करोड़ रुपये की भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक, तीनों एक वाहन में मणिपुर से आ रहे थे और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जा रहे थे।
मंगलवार सुबह डिल्लई पुलिस थाना ने जांच के दौरान मणिपुर से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की तरफ जा रहे गाड़ी को रोका। शक होने पर गाड़ी की तलाशी ली गई तो 380 ग्राम हेरोइन, एक किलो मॉर्फिन और दो किलो मेथामफेटामाइन बरामद हुआ। इनकी कीमत अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार लगभग 15 करोड़ रुपये आंकी गई है।