सिक्किम की राजधानी गंगटोक में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन की तरफ से ड्रोन तैनात किए जाएंगे। ड्रोन की मदद से शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, तंग गलियों में नजर रखी जाएगी। त्योहारों, सार्वजनिक सभाओं और बड़े आयोजनों के दौरान भी यह हवाई निगरानी प्रणाली प्रभावी साबित होगी।
पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम की राजधानी गंगटोक में यातायात व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गंगटोक ट्रेफिक पुलिस ने शहर में ट्रैफिक नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए दो हाईटेक ड्रोन को अपने बेड़े में शामिल किया है। इसकी जानकारी अधिकारियों ने गुरुवार को दी।
चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों पर रखी जाएगी नजर
पुलिस के मुताबिक ड्रोन के जरिए शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, तंग गलियों और आवासीय इलाकों पर रियल-टाइम नजर रखी जाएगी। अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क पर खड़े वाहनों के कारण अक्सर यातायात प्रभावित होता है। अब ड्रोन की सहायता से ऐसे अवरोधों की तुरंत पहचान कर त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
विज्ञापन
'यातायात संचालन अधिक सुव्यवस्थित रहेगा'
अधिकारियों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से ट्रैफिक जाम की स्थिति में फंसे आपातकालीन वाहनों, जैसे एंबुलेंस और दमकल, को शीघ्र रास्ता दिलाने में मदद मिलेगी। ड्रोन से मिले लाइव फुटेज के आधार पर कंट्रोल रूम से तुरंत निर्देश जारी किए जाएंगे, जिससे यातायात संचालन अधिक सुव्यवस्थित रहेगा।
भीड़ नियंत्रण में आसानी होगी- पुलिस
वहीं त्योहारों, सार्वजनिक सभाओं और बड़े आयोजनों के दौरान भी यह हवाई निगरानी प्रणाली प्रभावी साबित होगी। इससे भीड़ नियंत्रण में आसानी होगी, पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सकेगी।
सड़क सुरक्षा के मानकों में सुधार होगा- पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि ड्रोन तकनीक के उपयोग से गंगटोक में सड़क सुरक्षा के मानकों में सुधार होगा और नागरिकों को अधिक सुरक्षित व सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।