फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिक्किम: सीएम प्रेम सिंह तमांग की मां धनमाया का 87 वर्ष की उम्र में निधन, कई महीनों से थीं बीमार

सार

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की मां धनमाया तमांग का 87 वर्ष की उम्र में सिलीगुड़ी के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले कई महीनों से बीमार थीं। मूल रूप से सोरेंग जिले के सिंगलिंग गांव की रहने वाली धनमाया के परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग को मातृशोक - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) को मातृशोक हुआ है। उनकी मां धनमाया तमांग का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने सिलीगुड़ी के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले कई महीनों से बीमार थीं और उनका उपचार चल रहा था। मां के निधन की खबर से मुख्यमंत्री के परिवार, रिश्तेदारों और समर्थकों में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री के लिए यह व्यक्तिगत क्षति है।
विज्ञापन


धनमाया तमांग मूल रूप से सिक्किम के सोरेंग जिले के सिंगलिंग गांव की रहने वाली थीं। उनके पति कालू सिंह तमांग का फरवरी 2022 में निधन हो गया था। परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग भी उन्हीं के पुत्र हैं। धनमाया ने अपने परिवार को सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई थी।

सीएम की मां के निधन पर नेताओं ने जताया शोक
मुख्यमंत्री की मां के निधन पर सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी शोक संदेश में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, उनके पौत्र एवं विधायक आदित्य गोले तथा पूरे शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की गई। पार्टी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की है। अंतिम संस्कार के कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
विज्ञापन


मां के सम्मान और सशक्तीकरण के लिए सरकार की पहल
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग सार्वजनिक मंचों पर कई बार अपनी मां के त्याग, संघर्ष और योगदान का उल्लेख कर चुके हैं। माताओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण को लेकर उनकी सरकार ने भी कई पहल की हैं। वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री ने 10 अगस्त को राज्य में 'आमा सम्मान दिवस' घोषित किया था। इसका उद्देश्य माताओं के योगदान को सम्मान देना और समाज में उनके महत्व को रेखांकित करना है। 

इसके अलावा राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'आमा सशक्तिकरण योजना' के तहत पात्र महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना में 18 से 59 वर्ष की ऐसी महिलाओं को शामिल किया गया है, जो अविवाहित, विधवा, तलाकशुदा या पति से अलग रह रही हैं और रोजगार में नहीं हैं। वर्तमान में करीब 32 हजार महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं। सरकार ने वर्ष 2027 से लाभार्थियों की संख्या बढ़ाकर 50 हजार करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सालाना 200 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित करने की योजना है। 

मुख्यमंत्री और उनकी मां के बीच भावनात्मक जुड़ाव की झलक जुलाई 2024 में भी देखने को मिली थी। उस दौरान दोनों ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण किया था। मां के निधन से मुख्यमंत्री ने अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण सहारा खो दिया है। सिक्किम के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें