सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग
- फोटो : social media
दुनिया और भारत में अपना कहर बरपाने वाली महामारी कोरोना वायरस की वजह से लाखों लोगों की मौत हो चुकी है। देश में सिक्किम इकलौता ऐसा राज्य है, जहां पर अभी तक कोविड-19 का कोई मामला सामने नहीं आया है। इसके पीछे सिक्किम द्वारा बहुत जल्द उठाए गए सक्रिय कदमों ने इसे सच साबित किया है।
अधिकारियों ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि का श्रेय पांच मार्च के बाद से उठाए गए सक्रिय कदमों को दिया है। इनमें सिक्किम सरकार द्वारा पर्यटकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाना और लोकप्रिय नाथुला यात्रा के लिए जारी किए जाने वाले परमिट और साथ ही विदेशी यात्रियों के लिए इनर-लाइन परमिट (आईएलपी) का निलंबन शामिल है।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व वाली सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) सरकार ने नाथुला अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास चीन-भारत व्यापार पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने कोविड-19 के प्रकोप को रोकने के लिए बहुत जल्द ही सुरक्षा उपाय उठाए, जिससे राज्य इस महामारी को राज्य की सीमाओं के बाहर रखने में कामयाब हुआ है।