ईवीएम हैकिंग मामले में अमेरिकी हैकर सैयद शूजा के खिलाफ अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल जांच करेगी। शूजा ने ईवीएम हैक होने का आरोप लगाया था। ईवीएम हैकिंग की संभावना को खारिज करते हुए चुनाव आयोग ने शूजा के खिलाफ दिल्ली पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
अब इस मामले की जांच को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के हवाले कर दिया गया है। मालूम हो कि इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात करते हुए शूजा ने ईवीएम की हैकिंग के आरोप लगाए थे।
चुनाव आयोग ने कहा था- ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित
ईवीएम पर हैकिंग के आरोपों को चुनाव आयोग ने खारिज कर दिया था। आयोग ने कहा था कि ईवीएम पूरी तरह से सुरक्षित है। मशीन तकनीकी विशेषज्ञों की निगरानी में तैयार की जाती है। लंदन में हैकिंग को लेकर आयोजित कांग्रेसी नेता कपिल सिब्बल की मौजूदगी वाले कार्यक्रम को चुनाव आयोग ने प्रायोजित करार दिया था।