केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद पांच बार उत्तर गोवा के सांसद और केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाईक ने मंगलवार को पर्यटन मंत्रालय के राज्य मंत्री (एमओएस) के रूप में कार्यभार संभाला। हाल ही में हुए कैबिनेट फेरबदल में उन्हें पर्यटन और बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग राज्यमंत्री समेत नए विभाग दिए गए हैं। पिछले सात वर्षों से नाइक आयुष मंत्रालय के स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्री हैं।
गोवा के कोयला ढुलाई केंद्र बनने संबंधी मामले होगी समीक्षा: नाईक
केंद्रीय बंदरगाह राज्य मंत्री श्रीपद नाईक ने गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) प्रमुख विजय सरदेसाई को लिखे एक पत्र में कहा कि वह गोवा को ‘कोयला केंद्र’ बनाए जाने के मामले का संज्ञान लेंगे और राज्य के हित में फैसला करेंगे। बता दें कि सरदेसाई ने 18 जुलाई को नाइक को लिखे पत्र में आरोप लगाया था कि गोवा कोयला ढुलाई केंद्र में बदले जाने के बढ़ते खतरे का सामना कर रहा है।
इसका राज्य एवं उसके नागरिकों को कोई लाभ नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यह राज्य की पारिस्थितिकी और पर्यावरण के लिए आपदा का कारण बनेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोरमुगांव पत्तन न्यास (एमपीटी) प्रमुख बंदरगाह प्राधिकरण अधिनियम-2021 का उपयोग लगभग पूरे समुद्र तट और सभी नदी तटों को हथियाने के लिए कर रहा है।