पणजी। मौसम की तरह गोवा का राजनीतिक माहौल भी उत्तर भारत से जुदा है। उत्तर भारत का मौसम बेशक सर्द है, मगर राजनीतिक तापमान बढ़ा हुआ है लेकिन गोवा में मौसम गर्म होने के बावजूद भी चुनावी राजनीति नरम पड़ी हुई है। हालांकि रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को दोबारा से सूबे का मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चाओं ने जरूर यहां के रानीतिक माहौल में थोड़ी हलचल पैदा की है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बयान के बाद रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने गोवा के मुख्यमंत्री पद के लिए अपने अवसर खोले रखे हैं। मगर पार्टी एवं मोदी सरकार के एक अन्य मंत्री श्रीपाद यशो नाईक का कहना है कि गोवा के अगले मुख्यमंत्री का चयन चुनाव में जीतकर आने वाले विधायक करेंगे।
अमर उजाला से बातचीत में नाईक ने कहा कि चुनाव में जीत कर आने वाले विधायक और पार्टी तय करेगी कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। उन्होंने कहा कि गोवा का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इसको लेकर कोई खींचातानी नहीं है। वर्तमान मुख्यमंत्री लक्ष्मी कांत पार्सेकर भी बेहततर काम कर रहे हैं। शाह और गडकरी के बयान को लेकर सवाल पूछे जाने पर श्रीपाद नाईक ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री के लिए किसी विशेष व्यक्ति का नाम नहीं लिया है। इस चर्चा को हवा देना मुझे जरूरी नहीं लगता। यहां के मुख्यमंत्री की मदद पर्रिकर पहले भी करते रहे हैं आगे भी करते रहेंगे।
गोवा चुनाव के अन्य पहलूओं पर बेबाक बात करते हुए केंद्रीय आयूष राज्य मंत्री श्रीपद नाईक ने कहा कि महाराष्ट्र गोमांतक पार्टी को हमसे अलग नहीं होना चाहिए था। प्रदेश में जनता के मिल रहे समर्थन को देखकर लगता है कि पिछले चुनाव से ज्यादा सीटों के साथ पार्टी दोबारा से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को लेकर न कोई संकट है और न हीं कोई खिंचतान। पार्टी में कई योग्य चेहरे हैं।