फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

श्रीराम महोत्सव कार्यक्रम: छह लाख गांवों तक पहुंचेगी विहिप, पूरे देश से रामभक्तों को अयोध्या ले जाने की योजना

सार

विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने अमर उजाला को बताया कि श्रीराम महोत्सव के दौरान पूरे राष्ट्र का वातावरण राममय हो, इसकी तैयारी की जा रही है जिससे पूरे देश में ‘रामत्व’ का प्रचार-प्रसार किया जा सके...
विज्ञापन
विश्व हिंदू परिषद - फोटो : Agency (File Photo)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) चैत्र शुक्ल प्रतिपदा दो अप्रैल से पूरे देश में रामोत्सव कार्यक्रम मनाएगा। 15 दिनों तक चलने वाले इस विशेष कार्यक्रम में विहिप देश के छह लाख गांवों तक पहुंचेगा। राममंदिर आंदोलन से लेकर मंदिर निर्माण तक की यात्रा में किसी भी प्रकार की भूमिका निभाने वाले रामभक्तों को रामोत्सव कार्यक्रम में सम्मानित भी किया जाएगा। विहिप द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम पिछले दो साल कोरोना के कारण आयोजित नहीं किया जा सका था, इसलिए इस वर्ष इसे वृहद रूप में मनाये जाने की तैयारी है।

नवरात्र में देवियों की शक्तियों की व्याख्या

श्रीराम महोत्सव कार्यक्रम पूरे नवरात्रि चलते रहेंगे। इस दौरान जिस दिन जिस देवी की पूजा करने का विधान है, रामोत्सव कार्यक्रम में उस दिन उस प्रमुख देवी में की शक्तियों के विषय में लोगों को जानकारी दी जाएगी। लोगों को इस बात के लिए जागरूक भी किया जाएगा कि देवी की उन शक्तियों की वर्तमान समाज में क्या प्रासंगिकता है और उन्हें किस प्रकार अपने जीवन में अपनाया जाना चाहिए।

विज्ञापन


विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने अमर उजाला को बताया कि श्रीराम महोत्सव के दौरान पूरे राष्ट्र का वातावरण राममय हो, इसकी तैयारी की जा रही है जिससे पूरे देश में ‘रामत्व’ का प्रचार-प्रसार किया जा सके। कार्यक्रम से लोगों को अपने धर्म और परंपराओं के प्रति जागरूक किया जाता है। इस प्रकार का जागरूक नागरिक अपने राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है। विहिप नागरिकों को सांस्कृतिक दृष्टि से जागरूक करने का प्रयास करता है।  

कब तक होगा दर्शन

अयोध्या में राममंदिर का निर्माण इस देश के करोड़ों रामभक्तों का सपना रहा है। अब यह मंदिर निर्माण तेजी से पूर्ण होने की तरफ बढ़ रहा है। रामोत्सव कार्यक्रम के दौरान लोगों को इस बात के लिए भी बताया जाएगा कि वे कब से भगवान राम के मूल रूप को गर्भगृह में दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए पूरे देश से रामभक्तों को अयोध्या तक लाए जाने के एक वृहद कार्यक्रम के बारे में भी विचार किया जा रहा है।  

दिल्ली के हर प्रखंड में कार्यक्रम

विहिप के दिल्ली प्रांत प्रमुख कपिल खन्ना ने बताया कि राजधानी के हर प्रखंड में रामोत्सव कार्यक्रम मनाए जाने की तैयारी हो चुकी हैं। शुक्रवार शाम हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर एक कार्यक्रम के साथ अभियान की शुरुआत होगी। रामोत्सव कार्यक्रम के दौरान हर प्रखंड में झांकी-शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान सभी सेवा ग्राम बस्तियों में जाकर लोगों से मिलने-जुलने का कार्यक्रम रखा गया है।

कपिल खन्ना ने बताया कि भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या में राममंदिर का निर्माण कार्य तेजी से बन रहा है। अनुमान है कि लगभग दो वर्ष में यह बनकर पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद दिल्ली के उन सभी रामभक्तों को अयोध्या तक ले जाने का विशेष कार्यक्रम बनाया जाएगा, जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन से लेकर मंदिर निर्माण तक में किसी भी प्रकार की भूमिका निभाई होगी। इसके विषय में योजना बनाई जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें