ओलंपिक में पदक का रोना रोने वालों के लिए अपने शहर की बिटिया 11 साल की जलपरी श्रद्धा शुक्ला कई सालों से उम्मीद की किरण बनी है, लेकिन अफसोस न तो अफसर और न ही नेता बिटिया के लिए आगे आ रहे हैं। लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज करा चुकी बिटिया के पिता सीएम से लेकर पीएम तक सहायता की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा। वह ढाई साल की उम्र से गंगा में तैरकर रिकॉर्ड्स बना रही है।
अब बिटिया अपने पुराने रिकॉर्ड (गंगा में 280 किलोमीटर की तैराकी, कानपुर से इलाहाबाद तक) को तोड़ने के लिए फिर गंगा में है। वह कानपुर से वाराणसी तक 570 किलोमीटर की यात्रा पर निकली है और सात दिन में वाराणसी पहुंचेगी। रविवार को मैस्कर घाट पर जलपरी की यात्रा को एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप ने हरी झंडी दिखाई। सेना के जवानों की सलामी के बीच बिटिया गंगा में उतरी। उसके साथ सहारनपुर के डॉ. सुभाष कालरा, दो नाव, चार नाविक रवाना हुए। यात्रा के पूर्व आयोजित समारोह पर सिद्धार्थ कपूर, बाबा अशोक तिवारी, निशांत सिंह जादौन आदि मौजूद रहे।
लखनऊ फाटक स्थित दोसर वैश्य स्कूल में श्रद्धा कक्षा 9 की छात्रा है। मैस्कर घाट किनारे स्थित झोपड़ी उसके रहने का ठिकाना है। बाबा मुन्नू लाल रिवर बैंक स्कूल में पूजा पाठ करते हैं। पिता ललित कुमार शुक्ला घर के बाहर चाय की दुकान लगाते हैं। परिवार में मां वंदना देवी और दादी राजे देवी के अलावा भाई राजेंद्र है। बाबा का कहना है कुछ लोग बेटी को आगे बढ़ाने में मदद करते हैं। सरकार से आज तक कोई मदद नहीं मिली।
पानी में गिरकर हंसी थी जलपरी
जलपरी श्रद्धा के बाबा मुन्नूलाल शुक्ला ही उसके कोच हैं। मुन्नूलाल ने कहा, 'वह बहुत छोटी थी। मैं गंगा जी में पूजा कर रहा था, वह भी पीछे - पीछे आ गई। इसके बाद गंगा जी में छलांग लगा दी। वह डूबने लगी, उसे बाहर निकला तो हंस रही थी। इसके बाद खुद ही प्रशिक्षण दिया। श्रद्धा के खाते में इंदिरा प्रियदर्शनी, कानपुर रत्न सम्मान, उर्जिता सम्मान समेत विभिन्न 16 अवॉर्ड हैं।'
ऐसे पूरी होगी 570 किलोमीटर की यात्रा
तारीख कहां से कहां दूरी(किमी.)
28 अगस्त मेस्कर घाट से बक्सर 100
29 अगस्त बक्सर से मानिकपुर 140
30 अगस्त मानिकपुर से सिंह बेरपुर 70
31 अगस्त सिंह बेरपुर से इलाहाबाद 40
1 सितंबर इलाहाबाद से मिर्जापुर विंध्यवासिनी 70
2 सितंबर मिर्जापुर विंध्यवासिनी से कटरा घाट 70
3 सितंबर कटरा घाट से बनारस दशाश्वमेध घाट 60
उम्र के साथ बढ़ता रहा हौसला
उम्र (वर्ष) तैराकी (मीटर में) समय(मि-) उपलब्धि
2-5 1500 - -
6 6000 42 लिम्का बुक रिकार्ड
7 7000 52 लिम्का बुक रिकार्ड
7 10000 62 लिम्का बुक रिकार्ड
8 16000 72 विश्व रिकार्ड के लिए
9 280000 3000 गिनीज बुक रिकार्ड के लिए