बदमाशों को पकड़ने में हांफने वाली वेस्ट यूपी पुलिस अब निशानेबाजी में भी मात खा रही है। इसकी हकीकत सोमवार को जोन स्तर की निशानेबाजी प्रतियोगिता में सामने आ गई। जहां 25 गज के निशाने पर 70 प्रतिशत पुलिसकर्मी निशाना लगाने में फेल साबित हुए। मेरठ के आरआई और आर्मरर निशानेबाजी में अव्वल रहे।
मेरठ जोन की 17वीं अंतर्जनपदीय पुलिस रायफल, रिवाल्वर, कारबाइन शूटिंग एवं अलार्म एफिसिएंसी रेस प्रतियोगिता का सोमवार को मवाना रोड स्थित सैनी गांव फायरिंग रेंज में उद्घाटन किया गया। इस प्रतियोगिता में हापुड़ और शामली को छोड़कर मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, गौतमबुद्घ नगर, बागपत, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर की टीमों ने भाग लिया।
कीचड़ भरे रास्ते के चलते निचले अफसरों के वाहन फंसे तो एसएसपी की गैर मौजूदगी में ही उद्घाटन हुआ। कारबाइन शूटिंग प्रतियोगिता में 15 गज की दूरी से कांस्टेबल आरमोरर धर्मेंद्र कुमार प्रथम व बागपत से सुनील कुमार ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 25 गज की दूरी में मेरठ के आरआई सत्यप्रकाश शर्मा प्रथम और यहीं के धर्मेंद्र दूसरे स्थान पर रहे। 50 गज की दूरी में आरआई सत्यप्रकाश शर्मा का निशाना सटीक रहा। लेकिन वह बीच में छोड़ गये। जिसके चलते मेरठ के धर्मेंद्र का प्रथम और बागपत के सुरेंद्र का दूसरा स्थान रहा।