शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे जियो रिलायंस की मुफ्त स्कीम के खिलाफ मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया होने से किसी का पेट नहीं भरेगा। यदि इतना ही मुफ्त बांटने का शौक है तो राशन भी मुफ्त में बांटो। उद्धव ठाकरे शनिवार को केबल व्यवसायियों से संगठन को संबोधित करते हुए रिलायंस (जियो) की मुफ्त सेवा पर जमकर बरसे।
मुंबई सहित महाराष्ट्र के केबल व्यवसायियों ने रिलायंस जियो फाइबर के विरोध में मोर्चा खोला है। उनका कहना है कि केबल व्यवसाय में जियो फाइबर की एंट्री नहीं होनी चाहिए। शनिवार को संगठन की ओर से एक बैठक आयोजित की गई थी जिसमें उद्धव ठाकरे ने भी शिरकत की। उन्होंने कहा कि केबल मालिकों ने बड़ी मेहनत से अपना व्यवसाय खड़ा किया है। जियो फाइबर से उनका व्यवसाय चौपट हो जाएगा। रिलायंस पहले मुफ्त में सेवा देती है और जब प्रतिस्पर्धा में वह आगे निकल जाती है तब दर बढ़ाकर ग्राहकों से समूल वसूल करती है।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगर कोई सेवा मुफ्त में ही देनी है तो 50 साल का करार करो। इसका कोई विरोध नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि केवल मोबाइल पर देखने से ही किसी का पेट नहीं भर सकता। जब लोगों की थाली में अनाज ही नहीं रहेगा तो डिजिटल इंडिया का क्या फायदा।
उद्धव ने कहा कि केबल के व्यवसाय में भी प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। इस व्यवसाय में और 10 लोग आएं लेकिन, कोई किसी के पेट पर लात न मारे। तब इसका कोई विरोध नहीं करेगा। उन्होंने केबल व्यवसायियों के समर्थन का वादा किया और कहा कि इस संघर्ष में शिवसेना उनके साथ है।